Campus Boom.
संस्कार भारती, जमशेदपुर महानगर इकाई की ओर से तुलसी भवन के चित्रकूट कक्ष में गुरुपूर्णिमा उत्सव सह ‘पद्मश्री बाबा योगेंद्रनाथ स्मृति सम्मान समारोह-2026’ का गरिमामय आयोजन किया गया। श्रद्धा, संस्कृति और कला से ओतप्रोत इस समारोह में शहर के साहित्यकारों, कलाकारों एवं सांस्कृतिक हस्तियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
समारोह का मुख्य आकर्षण प्रख्यात रंगकर्मी एवं नाट्य गुरु अवतार सिंह को ‘पद्मश्री बाबा योगेंद्रनाथ स्मृति सम्मान’ से सम्मानित किया जाना रहा। इस अवसर पर सरिता सिंह ने उनका जीवन परिचय प्रस्तुत किया। सम्मान ग्रहण करने के बाद अवतार सिंह ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि “गुरु का स्थान जीवन में सर्वोच्च है। गुरु का प्रकाश किसी भी ऊर्जा से अधिक प्रभावशाली होता है और वही व्यक्ति को सही दिशा प्रदान करता है।”
कार्यक्रम की अध्यक्षता स्नेहलता ने की। उन्होंने कहा कि गुरु केवल ज्ञान देने वाले नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण के शिल्पी होते हैं, जो समाज को सही दिशा प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम के प्रथम सत्र का संचालन अरुणा झा ने किया। अतिथियों का स्वागत पौध भेंट कर किया गया। दीप प्रज्ज्वलन के साथ उपासना सिन्हा एवं नीलांबर चौधरी द्वारा प्रस्तुत ध्येय गीत से समारोह का शुभारंभ हुआ। डॉ. रागिनी भूषण ने स्वागत भाषण में गुरु पूर्णिमा के आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डाला, जबकि कृष्णा सिन्हा की गुरु वंदना ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
द्वितीय सत्र का संचालन डॉ. अनीता निधि ने किया। इस दौरान कलाकारों ने भजन, गीत, कविता, दोहे, नृत्य और एकल अभिनय की मनमोहक प्रस्तुतियाँ देकर गुरु महिमा का भावपूर्ण चित्रण किया। प्रस्तुति देने वालों में प्रणति शरण, आलोक मंजरी विदुषी, डॉ. पुष्पा कुमारी, संहिता राणा, लक्ष्मी सिंह रूबी, निलांजन, डॉ. आशा गुप्ता, पूनम सिंह, नूपुर गोस्वामी, संगीता मिश्रा, बसंत जमशेदपुरी, आरती श्रीवास्तव विपुल, उपासना सिंह, सरिता सिंह, नीलम पेरीवाल, पूरबी घोष, अरुणा झा, राजेंद्र राज, साह राज, माधुरी मिश्रा एवं गीता सागर चौधरी शामिल रहे।
समारोह के अंत में अरुणा भूषण ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन एवं प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।


