Campus Boom.
छोटा गोविंदपुर स्थित विवेक विद्यालय में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के लिए “क्यूपीआर (Question, Persuade, Refer) के माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता सत्र” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना, संवेदनशील संवाद को प्रोत्साहित करना तथा समय पर विशेषज्ञ सहायता की आवश्यकता को समझाना था।
सत्र का संचालन टाटा मोटर्स अस्पताल, जमशेदपुर के मनोचिकित्सा विभाग की विशेषज्ञ डॉ. रोसाली भोई एवं डॉ. डिंपल मेलवानी ने किया। उन्होंने प्रतिभागियों को मानसिक स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों की पहचान, सहानुभूतिपूर्ण संवाद की आवश्यकता तथा जरूरत पड़ने पर विशेषज्ञ सहायता लेने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
विशेषज्ञों ने बताया कि किसी भी व्यक्ति की भावनाओं को गंभीरता से सुनना, संवेदनशील व्यवहार करना, समय रहते सहयोग के लिए प्रेरित करना और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े सामाजिक कलंक को दूर करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने यह भी कहा कि जागरूकता और समय पर सहायता से कई गंभीर परिस्थितियों का प्रभावी ढंग से सामना किया जा सकता है।
सत्र के दौरान विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों से प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।
विद्यालय के प्राचार्य अवधेश सिंह ने कहा कि विद्यालय केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता का केंद्र नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के समग्र विकास और भावनात्मक सुरक्षा के प्रति भी समान रूप से प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों और शिक्षकों में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशीलता विकसित करते हैं तथा आवश्यकता पड़ने पर उचित सहायता प्राप्त करने के लिए प्रेरित करते हैं। विद्यालय का लक्ष्य सुरक्षित, सहयोगपूर्ण और सकारात्मक शिक्षण वातावरण का निर्माण करना है।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने विशेषज्ञ चिकित्सकों के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम एक संवेदनशील, सहयोगी और सकारात्मक विद्यालय संस्कृति के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।



