Campus Boom.
ई-डिजिटल इंडिया, साकची (जमशेदपुर) के निदेशक रामकृष्ण ठाकुर के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को झारखंड के राज्यपाल से शिष्टाचार भेंट कर राज्य के ग्रामीण एवं जनजातीय क्षेत्रों में “झारखंड ग्रामीण एआई एवं डिजिटल सशक्तिकरण मिशन” प्रारंभ करने का विस्तृत प्रस्ताव सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल के समक्ष झारखंड के युवाओं, विद्यार्थियों और ग्रामीण समुदाय को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), डिजिटल साक्षरता और भविष्य की तकनीकी शिक्षा से जोड़ने की आवश्यकता पर विस्तार से चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल का कहना था कि एआई का लाभ केवल महानगरों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसकी पहुंच गांवों तक सुनिश्चित होनी चाहिए, ताकि ग्रामीण एवं जनजातीय क्षेत्रों के युवा भी वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार हो सकें।
प्रस्ताव में “गांव से ग्लोबल तक – एआई शिक्षा के माध्यम से झारखंड के युवाओं को भविष्य के लिए तैयार करने” का विजन प्रस्तुत किया गया। इसके तहत प्रत्येक पंचायत में डिजिटल एआई केंद्र स्थापित करने, हिंदी, संथाली, हो, मुंडारी और कुड़ुख जैसी स्थानीय भाषाओं में एआई आधारित शिक्षण सामग्री विकसित करने, किसानों, महिलाओं और युवाओं के लिए डिजिटल कौशल प्रशिक्षण चलाने तथा जनजातीय संस्कृति, लोककथाओं और पारंपरिक ज्ञान के एआई आधारित डिजिटल संरक्षण का सुझाव दिया गया।
ई-डिजिटल इंडिया ने प्रतिनिधिमंडल के माध्यम से बताया कि संस्था वर्ष 2021 से डिजिटल कौशल विकास, वेब डेवलपमेंट, डिजिटल मार्केटिंग, एआई, डेटा साइंस, करियर गाइडेंस तथा रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण कार्यक्रमों के जरिए हजारों युवाओं को आधुनिक तकनीकी शिक्षा से जोड़ने का कार्य कर रही है। संस्था अब ग्रामीण क्षेत्रों तक एआई एवं डिजिटल शिक्षा पहुंचाने के मिशन पर विशेष रूप से कार्य कर रही है।
प्रतिनिधिमंडल ने राज्य सरकार, शैक्षणिक संस्थानों एवं उद्योग जगत के सहयोग से राज्यव्यापी एआई जागरूकता अभियान, डिजिटल साक्षरता अभियान, एआई स्किल डेवलपमेंट कार्यक्रम, डिजिटल स्कॉलरशिप, इंडस्ट्री इंटर्नशिप नेटवर्क तथा रूरल एआई लर्निंग सेंटर स्थापित करने का भी प्रस्ताव रखा।
इस अवसर पर ई-डिजिटल इंडिया के निदेशक रामकृष्ण ठाकुर ने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल एआई का प्रशिक्षण देना नहीं, बल्कि झारखंड के प्रत्येक युवा को भविष्य की डिजिटल अर्थव्यवस्था के अनुरूप सक्षम बनाना है। उन्होंने कहा कि स्थानीय भाषाओं, जनजातीय संस्कृति और आधुनिक तकनीक का समन्वय ही विकसित झारखंड की नई पहचान बन सकता है।
ई-डिजिटल इंडिया ने विश्वास व्यक्त किया कि सरकार, शैक्षणिक संस्थानों और उद्योग जगत के सहयोग से झारखंड को देश के अग्रणी एआई-सक्षम और डिजिटल रूप से सशक्त राज्यों में शामिल किया जा सकता है।


