Prahlad Joshi Educational Qualification: देश के नए शिक्षा मंत्री के रूप में प्रह्लाद जोशी की नियुक्ति की गई है। इसके बाद से ही तमाम सोशल मीडिया और अन्य वेब सर्च पर लोग उनके राजनीतिक अनुभव के साथ-साथ उनकी शैक्षिक योग्यता के बारे में सर्च करने लगे हैं। प्रह्लाद जोशी, भारतीय जनता पार्टी के वरीष्ठ नेताओं में से एक हैं। शनिवार को धमेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद केंद्र सरकार ने प्रह्लाद जोशी को शिक्षा मंत्रालय का भार सौंपा।
गौरतलब हो कि लंबे समय से भारतीय राजनीति में सक्रिय रहें प्रह्लाद जोशी संगठनात्मक क्षमता, संसदीय अनुभव और प्रशासनिक कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने छात्र जीवन से ही सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में भाग लेना शुरू कर दिया था। कई बार लोकसभा सांसद चुने जा चुके प्रह्लाद जोशी ने केंद्र सरकार में विभिन्न महत्वपूर्ण मंत्रालयों की जिम्मेदारी भी संभाली है। आइए जानते हैं कि देश के नए शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहां से पढ़ाई की, उनका राजनीतिक सफर कैसा रहा और सार्वजनिक जीवन में उनकी प्रमुख उपलब्धियां क्या हैं।
कितने पढ़े-लिखे हैं नए शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी
देश के नए शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी का जन्म 27 नवंबर 1962 को तत्कालीन स्टेट ऑफ मैसूर के बीजापुर में हुआ। उनकी प्रारंभिक शिक्षा हुबली-धारवाड़ में ही हुई। विभिन्न रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रह्लाद जोशी के पिता वेंकटेश जोशी रेलवे में कार्यरत थें। प्रह्लाद जोशी ने अपनी स्कूली शिक्षा रेलवे स्कूल और फिर सेकेंडरी शिक्षा न्यू इंग्लिश स्कूल से पूरी की।
इसके बाद उन्होंने धारवाड़ के स्थानीय यूनिवर्सिटी से बैचलर ऑफ आर्ट्स (बीए) की डिग्री प्राप्त की। छात्र जीवन के दौरान ही वे विभिन्न सामाजिक और छात्र संगठनों से जुड़े और सार्वजनिक जीवन में उनकी सक्रियता बढ़ती गई। कम आयु में ही प्रह्लाद जोशी राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ से जुड़े और एक सक्रिय सदस्य रहें।
राजनीतिक करियर की शुरुआत
प्रह्लाद जोशी ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से की। वे लंबे समय तक संगठन में विभिन्न जिम्मेदारियां निभाते रहे और कर्नाटक में पार्टी को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। संगठनात्मक कार्यों के कारण वे जल्द ही राष्ट्रीय नेतृत्व की नजर में आए। वर्ष 1992 से लेकर 1994 में उन्होंने हुबली में आयोजित कई आंदोलनों में भाग लिया। उस दौरान उन्होंने “सेव कश्मीर” जैसे आंदोलनों में भी सक्रिय भूमिका निभाई।
सांसद के रूप में सफर
साल 2004 में प्रह्लाद जोशी पहली बार कर्नाटक के धारवाड़ लोकसभा क्षेत्र से सांसद चुने गए। इसके बाद वे लगातार कई बार इसी सीट से लोकसभा पहुंचे। संसद में उन्होंने संसदीय समितियों के सदस्य के रूप में भी काम किया और विभिन्न राष्ट्रीय मुद्दों पर अपनी सक्रिय भागीदारी दर्ज कराई।
केंद्रीय मंत्री के रूप में जिम्मेदारियां
केंद्र सरकार में प्रह्लाद जोशी को कई महत्वपूर्ण मंत्रालयों की जिम्मेदारी मिल चुकी है। उन्होंने संसदीय कार्य मंत्री, कोयला मंत्री, खान मंत्री और उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री जैसे महत्वपूर्ण विभागों का नेतृत्व किया। इन मंत्रालयों में उन्होंने नीति निर्माण, प्रशासनिक सुधार और विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर काम किया।
गौरतलब हो कि प्रह्लाद जोशी पहले से ही केंद्र सरकार में उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय तथा नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय का कार्यभार संभाल रहे हैं। अब उन्हें इन मंत्रालयों के साथ शिक्षा मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। इससे वे केंद्र सरकार के उन चुनिंदा मंत्रियों में शामिल हो गए हैं जिनके पास एक से अधिक महत्वपूर्ण मंत्रालयों की जिम्मेदारी है।
शिक्षा मंत्री के रूप में नई जिम्मेदारी
देश के नए शिक्षा मंत्री के रूप में प्रह्लाद जोशी के सामने राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP), उच्च शिक्षा में सुधार, डिजिटल शिक्षा, परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता और कौशल आधारित शिक्षा को आगे बढ़ाने जैसी महत्वपूर्ण चुनौतियां होंगी। हाल के वर्षों में प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता और परीक्षा सुधार भी शिक्षा मंत्रालय की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल रहे हैं।


