Who is Pralhad Joshi New Education Minister: केंद्र सरकार ने शिक्षा मंत्रालय में बड़ा बदलाव करते हुए वरिष्ठ भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी को शिक्षा मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार सौंप दिया है। यह फैसला केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद लिया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सलाह पर धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया और प्रह्लाद जोशी को उनके मौजूदा मंत्रालयों के साथ शिक्षा मंत्रालय की जिम्मेदारी भी सौंप दी।
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद फैसला
गौरतलब हो कि नीट यूजी 2026 मेडिकल प्रवेश परीक्षा में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक को लेकर देश की राजधानी नई दिल्ली समेत अन्य कई राज्यों में छात्र-छात्राएं लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। छात्रों की मांग थी कि पेपर लीक की घटना की जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री को इस्तीफा देना होगा। बता दें कि पिछले 36 दिनों से कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके के नेतृत्व में छात्र धरणा-प्रदर्शन कर रहे थे।
इस बीच इंजीनियर एवं सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक भी 26 दिनों तक भूख हड़ताल पर रहें। धरणा प्रदर्शन और बढ़ते राजनीतिक दबाव एवं छात्रों की नाराजगी के बीच धर्मेंद्र प्रधान ने नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए प्रधानमंत्री को अपना इस्तीफा सौंप दिया। इसके बाद केंद्र सरकार ने मंत्रालय में नेतृत्व परिवर्तन का निर्णय लिया।
कौन हैं नए शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी?
प्रह्लाद जोशी भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं में गिने जाते हैं। उनका जन्म 27 नवंबर 1962 को कर्नाटक के धारवाड़ में हुआ था। वे 2004 से लगातार धारवाड़ लोकसभा सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं और कई बार सांसद चुने जा चुके हैं। छात्र राजनीति और संगठनात्मक कार्यों से अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू करने वाले जोशी ने पार्टी संगठन में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं।
शिक्षा मंत्री के रूप में सबसे बड़ी चुनौतियां
प्रह्लाद जोशी ऐसे समय शिक्षा मंत्रालय की कमान संभाल रहे हैं जब मंत्रालय कई महत्वपूर्ण चुनौतियों का सामना कर रहा है। सबसे बड़ी चुनौती प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता बहाल करना और छात्रों का विश्वास दोबारा जीतना है। इसके अलावा राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP 2020) का प्रभावी क्रियान्वयन, राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) में सुधार, डिजिटल शिक्षा का विस्तार, उच्च शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाना और नई स्कूली शिक्षा व्यवस्था को लागू करना भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
नए शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी से सरकार को क्या है उम्मीद?
केंद्र सरकार को उम्मीद है कि प्रह्लाद जोशी का लंबा प्रशासनिक और संसदीय अनुभव शिक्षा मंत्रालय में स्थिरता लाने में मदद करेगा। बता दें कि वे इससे पहले कोयला, खान और संसदीय कार्य जैसे महत्वपूर्ण मंत्रालयों का सफलतापूर्वक नेतृत्व कर चुके हैं। संगठनात्मक क्षमता और प्रशासनिक अनुभव के कारण उन्हें यह अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है।
फिलहाल प्रह्लाद जोशी को अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। आने वाले समय में सरकार शिक्षा मंत्रालय में परीक्षा सुधार, पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने के लिए कई नए कदम उठा सकती है। छात्रों और अभिभावकों की नजर अब इस बात पर रहेगी कि नया नेतृत्व शिक्षा व्यवस्था में विश्वास बहाल करने और सुधारों को कितनी तेजी से लागू करता है।


