Campus Boom.
जमशेदपुर के चर्च स्कूल, बेल्डीह में शुक्रवार को ‘फ्रैंक एंथनी मेमोरियल ऑल इंडिया इंटर-स्कूल डिबेट प्रतियोगिता (कैटेगरी-2)’ का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में शहर के विभिन्न प्रतिष्ठित विद्यालयों के विद्यार्थियों ने भाग लेते हुए समसामयिक विषयों पर अपने प्रभावशाली तर्क और वक्तृत्व कौशल का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में केपीएस कदमा (टीम-जी) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बेस्ट टीम का खिताब अपने नाम किया। वहीं केपीएस मानगो (टीम-सी) उपविजेता रही। सृजिता दास (केपीएस कदमा) को बेस्ट स्पीकर तथा हुजैफा अहमद (लोयोला स्कूल) को रनर-अप बेस्ट स्पीकर का पुरस्कार प्रदान किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रार्थना सभा से हुई, जिसके बाद चर्च स्कूल की उप-प्राचार्य प्रोमिला जोशुआ ने स्वागत भाषण दिया। इस अवसर पर स्वर्गीय फ्रैंक एंथनी के जीवन, शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान और उनके दृष्टिकोण पर आधारित एक विशेष प्रस्तुति भी दी गई।
प्रतियोगिता का मूल्यांकन अरका जैन विश्वविद्यालय के अंग्रेजी विभागाध्यक्ष डॉ. राजकुमारी घोष, नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय के डॉ. शकीबुर रहमान खान तथा श्रीनाथ विश्वविद्यालय की सहायक प्रोफेसर शालिनी ओझा ने किया। अतिथियों का स्वागत विद्यालय के सचिव अविनाश दास एवं प्रबंधन समिति के सदस्यों ने किया।
कार्यक्रम के अंत में अंग्रेजी विभागाध्यक्ष एम.एस. सुनेमी दुर्गे ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। राष्ट्रगान और स्कूल सॉन्ग के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों को तार्किक सोच, प्रभावी अभिव्यक्ति और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का उत्कृष्ट मंच प्रदान किया।


