Campus Boom.
युवाओं को रोजगारोन्मुखी शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय, जमशेदपुर एवं ई-डिजिटल इंडिया स्किल डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट, साकची के बीच मंगलवार को एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।
इस साझेदारी के तहत दोनों संस्थान विद्यार्थियों के लिए इंडस्ट्री इंटर्नशिप, स्किल डेवलपमेंट प्रोग्राम, डिजिटल स्किल्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) एवं अन्य उभरती तकनीकों का प्रशिक्षण, करियर काउंसलिंग, प्लेसमेंट ड्राइव, अप्रेंटिसशिप, उद्यमिता विकास तथा उद्योग-अकादमिक सहयोग को बढ़ावा देंगे। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को रोजगार के लिए बेहतर ढंग से तैयार करना और उन्हें उद्योग जगत की वर्तमान आवश्यकताओं के अनुरूप दक्ष बनाना है।
इस अवसर पर दोनों संस्थानों के प्रतिनिधियों ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में केवल शैक्षणिक डिग्री पर्याप्त नहीं है। विद्यार्थियों के लिए व्यावहारिक कौशल, तकनीकी दक्षता और उद्योग का अनुभव भी उतना ही महत्वपूर्ण है। यह एमओयू उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उपलब्ध रोजगार एवं करियर के अवसरों से जोड़ने में मील का पत्थर साबित होगा।
ई-डिजिटल इंडिया स्किल डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट के प्रतिनिधियों ने बताया कि संस्थान पिछले कई वर्षों से डिजिटल स्किल डेवलपमेंट, रोजगार, अप्रेंटिसशिप तथा उद्योग-अकादमिक सहयोग के क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है। इस समझौते के माध्यम से विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण, उद्योग मान्यता प्राप्त प्रमाणन तथा प्रतिष्ठित संस्थानों एवं कंपनियों में रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
बैठक में दोनों संस्थानों के पदाधिकारियों ने भविष्य में संयुक्त रूप से प्रशिक्षण कार्यक्रम, कार्यशालाएं, सेमिनार, प्लेसमेंट ड्राइव, रोजगार मेले एवं विभिन्न कौशल विकास गतिविधियों के नियमित आयोजन पर सहमति व्यक्त की।


