Campus Boom.
जमशेदपुर के आर.एम.एस. हाई स्कूल, बालीचेला के तत्वावधान में सोमवार को सीआईएससीई जोनल हैंडबॉल चयन ट्रायल-2026 का शुभारंभ जेआरडी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के हैंडबॉल ग्राउंड में उत्साहपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में हुआ। उद्घाटन समारोह में सीआईएससीई से संबद्ध 20 विद्यालयों के एक हजार से अधिक छात्र-छात्राओं की भागीदारी ने आयोजन को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि गुलमोहर हाई स्कूल की प्राचार्या एवं सीआईएससीई जोनल कोऑर्डिनेटर प्रीति सिन्हा ने किया। इस अवसर पर जेआरडी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के वरिष्ठ प्रबंधक हसन इमाम विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थे।
समारोह में आर.एम.एस. के अध्यक्ष संजय केडिया, ट्रस्टी आर.के. झुनझुनवाला, प्रबंधन प्रतिनिधि वंदना जैन तथा आर.एम.एस. हाई स्कूल, खुटाडीह की प्राचार्या परिणीता शुक्ला सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक एवं खेल पदाधिकारी मौजूद रहे।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि एवं अन्य वक्ताओं ने खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन, समर्पण, दृढ़ संकल्प और निष्पक्षता के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल का वास्तविक उद्देश्य केवल जीत हासिल करना नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण, टीम भावना और उत्कृष्ट प्रदर्शन की भावना विकसित करना है।
उद्घाटन समारोह के बाद चयन ट्रायल की औपचारिक शुरुआत की गई, जिसमें सभी टीमों ने पूरे उत्साह और जोश के साथ हिस्सा लिया। आयोजन के माध्यम से विद्यालयी स्तर पर खेल प्रतिभाओं को निखारने, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने तथा टीम भावना और एकता के संदेश को मजबूत करने का प्रयास किया गया।


