Campus Boom.
औद्योगिक प्रशिक्षण एवं रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आईडीटीआर (इंडो-डेनिश टूल रूम), जमशेदपुर में 16 अगस्त से निःशुल्क आवासीय शॉर्ट टर्म स्किल डेवलपमेंट प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया जाएगा। इस कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार और युवाओं को जागरूक करने के लिए शनिवार को पटमदा प्रखंड परिसर में जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में आईडीटीआर के मीडिया प्रभारी सह कार्यक्रम समन्वयक पंकज कुमार ने बताया कि गार्डेन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स (जीआरएसई) तथा टेक्नोलॉजी रिसोर्स कम्युनिकेशन एंड सर्विस सेंटर (टीआरसीएससी) के बीच हुए एमओयू के तहत आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के युवाओं को निःशुल्क आवासीय प्रशिक्षण देकर उन्हें रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। इस कार्यक्रम में आईडीटीआर प्रशिक्षण साझेदार की भूमिका निभा रहा है।
उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत वेल्डर, शीट मेटल और इलेक्ट्रिशियन ट्रेड में दो-दो माह तथा प्लंबर ट्रेड में 45 दिनों का निःशुल्क आवासीय प्रशिक्षण आईडीटीआर, जमशेदपुर परिसर में दिया जाएगा। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद एल एंड टी कंपनी के माध्यम से प्रशिक्षुओं का जीआरएसई में प्लेसमेंट कराया जाएगा।
कार्यक्रम में 10वीं उत्तीर्ण तथा 20 से 28 वर्ष आयु वर्ग के सभी वर्गों के युवक-युवतियां आवेदन कर सकते हैं। पंकज कुमार ने युवाओं से इस अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि यह प्रशिक्षण उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर प्रदान करेगा और उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाने में सहायक होगा।
शिविर में आईडीटीआर के कार्यक्रम समन्वयक पंकज कुमार, राजेश कुमार शर्मा तथा टीआरसीएससी के सपन कुमार महतो उपस्थित रहे। इस दौरान जिला परिषद सदस्य खगेन महतो सहित बड़ी संख्या में युवाओं ने शिविर में भाग लेकर प्रशिक्षण कार्यक्रम एवं रोजगार के अवसरों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।


