Campus Boom.
एमबीएनएस इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन, आसनबनी में बी.एड. सत्र 2023-2025 के विद्यार्थियों के सम्मान में शनिवार को भव्य दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। यह आयोजन विद्यार्थियों के शैक्षणिक जीवन की उपलब्धियों का उत्सव और उनके पेशेवर जीवन की नई शुरुआत का प्रतीक बना।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि ईचागढ़ की विधायक सबिता महतो थीं। विशिष्ट अतिथियों में एमबीएनएस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स के मेंटर राम केवल सिंह, चेयरमैन विवेक कुमार सिंह तथा एमबीएनएस इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन की निदेशक अनुपा सिंह शामिल रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न देकर स्वागत किया गया।
अपने संबोधन में विधायक सबिता महतो ने कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माण की सबसे महत्वपूर्ण शक्ति हैं। उन्होंने नवस्नातक विद्यार्थियों को बधाई देते हुए समर्पण, अनुशासन और सेवा-भाव के साथ समाज के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।
राम केवल सिंह ने विद्यार्थियों को जीवनभर सीखते रहने, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपने दायित्व निभाने की प्रेरणा दी। वहीं विवेक कुमार सिंह ने कहा कि दीक्षांत समारोह केवल डिग्री प्राप्त करने का अवसर नहीं, बल्कि नई जिम्मेदारियों और नए सपनों की शुरुआत है। अनुपा सिंह ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि एक आदर्श शिक्षक अपने ज्ञान, संस्कार और चरित्र से समाज को नई दिशा देता है।
इस अवसर पर बी.एड. सत्र 2023-2025 के सभी सफल छात्र-छात्राओं को ग्रेजुएशन प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को विशेष पुरस्कार भी दिए गए।
पुरस्कार प्राप्त करने वाले प्रमुख विद्यार्थी इस प्रकार हैं—
- Academic Excellence Award: प्रीति कुमारी
- Best Personality Award: नरेंद्र प्रसाद सिंह
- Student Favourite Award: गिरिधारी तंतुबाई
- Cultural Star Award: प्रभा, थेरेसा, लिपिका एवं प्रीति कुम्भकार
- NSS Excellence Award: शाक्या कुमारी
- Chatter Box Award: नेहा मोहंती
- Best Disciplined Student Award: बरनाली अधिकारी एवं फिरोज आलम अंसारी
- Best Leadership Award: पूनम करवा
- Pride of the Batch Award: प्रीति कुमारी कुम्भकार
समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने गीत, नृत्य एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। अभिभावकों एवं अतिथियों ने उनकी प्रतिभा और आत्मविश्वास की सराहना की।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों एवं संस्थान के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि एमबीएनएस इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन ने उन्हें केवल शैक्षणिक ज्ञान ही नहीं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, नैतिक मूल्यों और सामाजिक उत्तरदायित्व की भी शिक्षा दी है। धन्यवाद ज्ञापन के बाद राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।
संस्थान प्रबंधन ने कहा कि यह दीक्षांत समारोह गुणवत्तापूर्ण शिक्षक शिक्षा, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति संस्थान की प्रतिबद्धता का प्रतीक है।


