Campus Boom.
डीएवी पब्लिक स्कूल, बिष्टुपुर में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। “योग अपनाएं, स्वस्थ रहें” थीम के तहत आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों और प्रशिक्षित योग साधकों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
विद्यालय की सह-प्राचार्या तथा डीएवी झारखंड जोन-ई की प्रभारी प्रज्ञा सिंह, वरिष्ठ शिक्षिका सुशी प्रतिभा सिंह और खेल शिक्षक धनंजय गौतम के नेतृत्व में सभी वर्गों के विद्यार्थियों को दैनिक जीवन में अपनाए जा सकने वाले सरल योगासन और ध्यान का अभ्यास कराया गया। शिक्षकों ने भी योग सत्र में भाग लेते हुए सूर्य नमस्कार सहित विभिन्न आसनों का अभ्यास किया और नियमित योग करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर सह-प्राचार्या प्रज्ञा सिंह ने कहा कि योग शरीर को स्वस्थ रखने के साथ-साथ मानसिक और बौद्धिक संतुलन बनाए रखने का प्रभावी माध्यम है। नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को तनावमुक्त और ऊर्जावान बनाता है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” (Yoga for Healthy Ageing) है, जिसका उद्देश्य लोगों को बढ़ती उम्र में भी शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ, सक्रिय और आत्मनिर्भर बनाए रखने के प्रति जागरूक करना है।
उन्होंने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है और संयुक्त राष्ट्र के आह्वान पर विश्वभर में प्रत्येक वर्ष 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाता है। वर्तमान प्रतिस्पर्धी दौर में विद्यार्थियों के लिए योग तनाव प्रबंधन और मानसिक एकाग्रता का महत्वपूर्ण साधन बनकर उभरा है।
उन्होंने विद्यार्थियों से योग को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाने और स्वस्थ एवं तनावमुक्त जीवन के लिए नियमित अभ्यास करने का आह्वान किया।


