Campus Boom.
जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बिष्टुपुर परिसर स्थित इंडोर स्टेडियम में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। माननीय कुलपति प्रो. (डॉ.) इला कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्राओं ने भाग लेकर योग के माध्यम से स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर वाणिज्य संकायाध्यक्ष डॉ. दीपा शरण, कुलसचिव (शैक्षणिक) डॉ. अन्नपूर्णा झा, कुलसचिव डॉ. सलोमी कुजूर, पूर्व कुलसचिव राजेंद्र जायसवाल, खेल एवं संस्कृति विभागाध्यक्ष डॉ. सनातन दीप, आईक्यूएसी निदेशक डॉ. रत्ना मित्रा, इतिहास विभागाध्यक्ष डॉ. माधुरी प्रियदर्शिनी तथा योगाचार्य डॉ. रविशंकर नेवार एवं शाश्वती मैती उपस्थित रहे।
डॉ. दीपा शरण ने अपने स्वागत संबोधन में सभी को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं दीं। वहीं, डॉ. अन्नपूर्णा झा ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से योग को नियमित दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान योग विभाग की छात्राओं ने आकर्षक योग नृत्य प्रस्तुत किया, जिसे उपस्थित अधिकारियों और शिक्षकों ने सराहा। योग विभाग की योगाचार्य शाश्वती मैती के निर्देशन में प्रतिभागियों ने योग प्रोटोकॉल का अभ्यास किया।
इस अवसर पर उत्कृष्ट योग प्रदर्शन के लिए विद्यार्थी वर्ग में बरनाली पात्रा, गैर-शैक्षणिक वर्ग में सौरीश कुंडू तथा शैक्षणिक वर्ग में डॉ. अन्नपूर्णा झा को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन योग विभाग के डॉ. रविशंकर नेवार ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन खेल एवं संस्कृति विभागाध्यक्ष डॉ. सनातन दीप ने किया। आयोजन को सफल बनाने में योग विभाग की छात्राओं के अलावा एनसीसी और एनएसएस की छात्राओं की सक्रिय भागीदारी रही। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित थीं।


