Campus Boom.
गम्हरिया, 21 जून। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर गम्हरिया स्थित जेवियर स्कूल में शनिवार को सामूहिक योग सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में करीब 1300 विद्यार्थियों के साथ विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं एनसीसी के 30 कैडेट्स ने भाग लेकर योग के माध्यम से स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
विद्यालय की योग प्रशिक्षिका तूलिका धारा कोले के निर्देशन में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया। इस दौरान विद्यार्थियों को नियमित योग के शारीरिक और मानसिक लाभों की जानकारी भी दी गई।
विद्यालय के प्राचार्य फादर सेबेस्टियन पुथेनपुरा एस.जे. ने कहा कि योग केवल शरीर को ही नहीं, बल्कि मन को भी स्वस्थ और संतुलित रखता है। उन्होंने कहा कि योग को केवल एक दिवस तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। नियमित योगाभ्यास से गंभीर बीमारियों से बचाव के साथ-साथ एकाग्रता और कार्यक्षमता में भी वृद्धि होती है।
उन्होंने कहा कि योग की उत्पत्ति भारत में हुई और आज इसका महत्व पूरी दुनिया ने स्वीकार किया है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के माध्यम से भारतीय ज्ञान परंपरा को वैश्विक पहचान मिली है, जो प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व का विषय है। इस वर्ष योग दिवस की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” रही।
कार्यक्रम में उप-प्राचार्या सिस्टर निवेदिता, सिस्टर दीपिका, प्रशासक ब्रदर अमलराज, खेल शिक्षक विकास कुमार सिंह, सुजीत रजक, सुनीता मांझी समेत अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित थे।


