Campus Boom.
जमशेदपुर, 20 जून। बाल विवाह और बाल संरक्षण जैसे संवेदनशील मुद्दों पर समुदाय, पंचायतों और शिक्षकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की जरूरत है। पंचायतों को अपने क्षेत्र में होने वाले बाल विवाह की जवाबदेही तय करनी होगी और ग्राम सभाओं में इस विषय को प्राथमिकता देनी चाहिए। यह बात सामाजिक संस्था युवा (यूथ फॉर यूनिटी वॉलंटरी एक्शन) की सचिव वार्णली चक्रवर्ती ने शनिवार को साकची स्थित होटल कैनेलाइट में आयोजित जिला स्तरीय कार्यशाला में कही।
युवा संस्था और गर्ल्स फर्स्ट फंड के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यशाला में पूर्वी सिंहभूम के पोटका प्रखंड, जमशेदपुर तथा पश्चिम सिंहभूम के विभिन्न विद्यालयों के शिक्षकों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के सुरक्षित और सम्मानजनक भविष्य के निर्माण में शिक्षकों की भूमिका को मजबूत करना था।
प्रतिज्ञा संस्था, रांची के सचिव अजय कुमार ने मुख्य प्रशिक्षक के रूप में बाल विवाह के कारण और दुष्परिणाम, मानव तस्करी से इसके संबंध, शिक्षा पर पड़ने वाले प्रभाव, ऑनलाइन दुर्व्यवहार, शिकायत और रिपोर्टिंग की प्रक्रिया तथा पॉक्सो अधिनियम समेत बाल संरक्षण संबंधी कानूनों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बच्चों के अधिकारों की रक्षा के लिए विद्यालयों और समुदायों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है।
कार्यशाला में शामिल शिक्षकों ने कहा कि कई बार बाल विवाह की जानकारी होने के बावजूद पहचान उजागर होने के भय से लोग शिकायत दर्ज कराने से बचते हैं। प्रतिभागियों ने अभिभावक-शिक्षक बैठकों में बाल विवाह और बाल संरक्षण के मुद्दों को नियमित रूप से शामिल करने का सुझाव दिया, ताकि समुदाय स्तर पर जागरूकता बढ़ाई जा सके।
इस अवसर पर राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित शिक्षकों अनिता शर्मा और मनोज कुमार सिंह को शिक्षा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार अन्नी अमृता, युवा संस्था के बोर्ड सदस्य नरेंद्र, ऊषा सबीना देवगम और नीता बोस उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत में परियोजना समन्वयक चांद मनी सवैयाँ ने प्रतिभागियों और अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।


