Campus Boom.
जमशेदपुर। सामाजिक सेवा, स्वैच्छिक रक्तदान जागरूकता और मानव कल्याण के क्षेत्र में 25 वर्षों से किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों के लिए प्रतीक संघर्ष फाउंडेशन (टीम पीएसएफ) के निदेशक अरिजीत सरकार को प्रेस क्लब ऑफ जमशेदपुर द्वारा प्रतिष्ठित “मानव सेवा सम्मान” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह में क्लब के अध्यक्ष, महासचिव, वरिष्ठ पत्रकारों एवं गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति में प्रदान किया गया।
वर्षभर 100 से अधिक रक्तदान शिविरों के आयोजन में निभाई अग्रणी भूमिका
अरिजीत सरकार के नेतृत्व में टीम पीएसएफ ने स्वैच्छिक रक्तदान को जनआंदोलन का स्वरूप देने का कार्य किया है। संस्था वर्षभर 100 से अधिक रक्तदान शिविरों का आयोजन करती है तथा कोल्हान क्षेत्र में 10 से अधिक ऐसे सामाजिक संगठनों को तैयार किया है, जिन्होंने एक हजार यूनिट से अधिक रक्त संग्रह करने वाले शिविरों का सफल संचालन किया है। संस्था ने सबसे बड़े एसडीपी (सिंगल डोनर प्लेटलेट्स) रक्तदान अभियान को भी गति दी है तथा एक राज्य से दूसरे राज्यों तक इस मुहिम का विस्तार किया है।
15 वर्षों से जरूरतमंदों को भोजन, शिक्षा और स्वास्थ्य सहायता
टीम पीएसएफ पिछले 15 वर्षों से प्रतिदिन 100 से अधिक जरूरतमंद लोगों को भोजन उपलब्ध कराने का कार्य कर रही है। इसके साथ ही संस्था द्वारा आदिवासी एवं सबर परिवारों के उत्थान, शिक्षा के प्रति जागरूकता, आपातकालीन चिकित्सा सहायता, उच्च गुणवत्ता वाली फर्स्ट एड ट्रेनिंग तथा विभिन्न सामाजिक जागरूकता अभियानों का संचालन भी किया जा रहा है।
टाइम बैंक और इमरजेंसी मेडिकल फंड बैंक जैसी अभिनव पहल
संस्था ने समाज सेवा के क्षेत्र में नई सोच के साथ टाइम बैंक एवं इमरजेंसी मेडिकल फंड Bank जैसी अभिनव योजनाओं की शुरुआत की है। सुदूरवर्ती गांवों में इज्जत घरों का निर्माण तथा विभिन्न जनहितकारी परियोजनाओं के माध्यम से टीम पीएसएफ लगातार समाज के वंचित वर्गों तक सहायता पहुंचा रही है।
सम्मान से मिली नई ऊर्जा : अरिजीत सरकार

सम्मान प्राप्त करने के बाद भावुक हुए अरिजीत सरकार ने कहा कि उन्होंने कभी किसी सम्मान की अपेक्षा नहीं की। उनके लिए समाज सेवा ही सबसे बड़ा पुरस्कार है। उन्होंने कहा, “आज मिला यह सम्मान मेरे लिए किसी भी बड़े से बड़े रत्न सम्मान से कम नहीं है। यह सम्मान मुझे समाज और मानवता की सेवा के लिए नई ऊर्जा और प्रेरणा प्रदान करेगा।”
दिवंगत मां की स्मृति को किया समर्पित
अरिजीत सरकार ने यह सम्मान अपनी दिवंगत माता स्वर्गीय नीला सरकार को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि समाज सेवा का मार्ग उन्हें अपनी मां से ही मिला था। मां के निधन को अभी छह माह ही हुए हैं और आज का यह सम्मान उनकी प्रेरणा और आशीर्वाद को समर्पित है।
टीम के सभी स्वयंसेवकों और रक्तदाताओं को दिया श्रेय
अरिजीत सरकार ने प्रेस क्लब ऑफ जमशेदपुर के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि टीम पीएसएफ के सभी स्वयंसेवकों, रक्तदाताओं और उन हजारों लोगों का है, जिन्होंने मानव सेवा के इस अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी संस्था इसी समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ समाजहित में कार्य करती रहेगी।




