Campus Boom.
सामाजिक संस्था युवा (यूथ फॉर यूनिटी एंड वॉलंटरी एक्शन) के तत्वावधान में तथा गर्ल्स फर्स्ट फंड के सहयोग से समेकित जन विकास केंद्र, सुंदरनगर में किशोरों के लिए जेंडर एवं मस्कुलिनिटी विषय पर दो दिवसीय फॉलोअप प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण में पोटका प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों से आए 30 किशोरों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
जेंडर समानता की समझ को मजबूत बनाने पर जोर
प्रशिक्षण का उद्देश्य पूर्व में आयोजित जेंडर एवं मस्कुलिनिटी प्रशिक्षण की सीखों को दोहराना, किशोरों के व्यवहार में आए सकारात्मक परिवर्तनों की समीक्षा करना तथा जेंडर समानता, सम्मानजनक व्यवहार, सहमति, जिम्मेदारी और संवेदनशीलता की समझ को और अधिक मजबूत बनाना था।
सामाजिक रूढ़ियों पर हुई खुली चर्चा
प्रशिक्षण में परियोजना समन्वयक चाँदमनी सवैया ने प्रशिक्षक के रूप में किशोरों के साथ सहभागितापूर्ण एवं संवादात्मक सत्र का संचालन किया। उन्होंने जेंडर की अवधारणा, जेंडर पहचान, सामाजिक भूमिकाओं और समाज में प्रचलित रूढ़िवादी धारणाओं पर विस्तार से चर्चा की। समूह चर्चाओं, गतिविधियों और अनुभव साझा करने के माध्यम से प्रतिभागियों को विषयों को अपने दैनिक जीवन से जोड़कर समझने का अवसर मिला।
सकारात्मक और विषैली मर्दानगी के अंतर को समझा
प्रशिक्षण के दौरान किशोरों को सकारात्मक मस्कुलिनिटी और विषैली मस्कुलिनिटी के बीच अंतर की जानकारी दी गई। बताया गया कि सकारात्मक मर्दानगी समानता, सहयोग, संवेदनशीलता, सम्मान और जिम्मेदारी को बढ़ावा देती है, जबकि विषैली मर्दानगी भेदभाव, हिंसा और असमानता जैसी प्रवृत्तियों को जन्म दे सकती है।
प्रतिभागियों ने साझा किए बदलाव के अनुभव
कई किशोरों ने बताया कि प्रशिक्षण के बाद वे घर के कामों में सहयोग करने लगे हैं, अपने व्यक्तिगत कार्य स्वयं करते हैं तथा परिवार के सदस्यों के प्रति अधिक सम्मानजनक व्यवहार अपना रहे हैं। एक प्रतिभागी ने कहा कि पहले वह अपनी भावनाओं को व्यक्त करना कमजोरी मानता था, लेकिन अब वह उन्हें समझने और स्वस्थ तरीके से व्यक्त करने का प्रयास करता है।
समान अवसर और सम्मान की सोच विकसित हुई
अन्य प्रतिभागियों ने बताया कि अब वे लड़कियों और लड़कों को समान अवसर और सम्मान देने की सोच विकसित कर रहे हैं। वे अपनी बहनों और समुदाय की अन्य लड़कियों के साथ बराबरी का व्यवहार करने का प्रयास कर रहे हैं। एक किशोर ने यह भी साझा किया कि प्रशिक्षण के बाद उसमें जरूरतमंद लोगों की सहायता करने की भावना विकसित हुई है और उसने एक वृद्ध महिला की मदद कर मानवीय संवेदनाओं का महत्व महसूस किया।
सच्ची मर्दानगी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता में है : वर्णाली
कार्यक्रम के दौरान युवा संस्था की सचिव वर्णाली चक्रवर्ती ने किशोरों से संवाद करते हुए कहा कि घरेलू कार्य केवल महिलाओं की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि परिवार के सभी सदस्यों की साझा जिम्मेदारी हैं। उन्होंने किशोरों को अपने बर्तन और कपड़े स्वयं साफ करने तथा घर के कार्यों में भागीदारी करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सच्ची मर्दानगी ताकत का प्रदर्शन करने में नहीं, बल्कि जिम्मेदार, संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार अपनाने में है।
समान समाज निर्माण में युवाओं की भूमिका अहम
प्रशिक्षण के दौरान यह संदेश भी दिया गया कि जेंडर समानता केवल महिलाओं का मुद्दा नहीं है, बल्कि एक न्यायपूर्ण, सुरक्षित और समान समाज के निर्माण के लिए सभी की जिम्मेदारी है। किशोर अपनी सोच और व्यवहार में सकारात्मक बदलाव लाकर समाज में परिवर्तन के प्रभावी वाहक बन सकते हैं।
कार्यकर्ताओं का रहा महत्वपूर्ण योगदान
प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल आयोजन में युवा संस्था के कार्यकर्ताओं चाँदमनी सवैया, कापरा माझी, सिकंदर सोय एवं अरूप मंडल का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों ने जेंडर समानता और सम्मानजनक व्यवहार को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।


