Campus Boom.
प्रसिद्ध व्यंग्यकार एवं कहानीकार हरिशंकर परसाई की चर्चित कहानी ‘उखड़े खंभे’ के नाट्य रूपांतरण का प्रभावशाली मंचन रविवार को ट्राइबल कल्चर सेंटर में किया गया। भारतीय जननाट्य संघ (इप्टा), जमशेदपुर द्वारा आयोजित सात दिवसीय बाल रंग महोत्सव के समापन अवसर पर दो दर्जन बाल कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुति से दर्शकों का मन मोह लिया।
नाटक के माध्यम से समाज और व्यवस्था में व्याप्त भ्रष्टाचार, महंगाई, मुनाफाखोरी तथा आम जनता की उम्मीदों और संघर्षों को व्यंग्यात्मक शैली में प्रस्तुत किया गया। परसाई जी द्वारा दशकों पहले लिखी गई कहानी की प्रासंगिकता आज भी बरकरार है, जिसे बाल कलाकारों ने जीवंत अभिनय के जरिए प्रभावशाली ढंग से मंच पर उतारा। प्रस्तुति में यह संदेश भी दिया गया कि एक दिन ऐसी सुनहरी सुबह अवश्य आएगी, जब समाज में सकारात्मक बदलाव दिखाई देगा और व्यवस्था आम जनता की अपेक्षाओं पर खरी उतरेगी।
नाटक की शुरुआत छत्तीसगढ़ी लोकनाट्य नाचा शैली में प्रसिद्ध कलाकार एवं निर्देशक निसार अली, पार्थ बनर्जी, श्वेता गुप्ता तथा उनके साथियों ने की। इसके बाद बाल कलाकारों ने मुख्य कथा को आगे बढ़ाते हुए अपने सशक्त अभिनय, प्रभावी संवाद अदायगी और कर्णप्रिय संगीत से दर्शकों को बांधे रखा। प्रस्तुति को दर्शकों की जोरदार तालियां मिलीं।
इससे पूर्व इप्टा जमशेदपुर के अध्यक्ष प्रो. अहमद बद्र ने स्वागत भाषण में कहा कि नाटक इंसान को संवेदनशील और सामाजिक बनाता है। उन्होंने कहा कि बचपन से ही बच्चों को रंगमंच से जोड़ने से उनमें सामाजिक सरोकारों की समझ विकसित होती है और वे भटकाव तथा बुरी आदतों से दूर रहते हैं।
कार्यक्रम के दौरान हास्य-व्यंग्य से भरपूर नाटक ‘पापी हो गये नैना’ का भी मंचन किया गया, जिसमें मोबाइल फोन में डूबती नई पीढ़ी की वास्तविकता को रोचक अंदाज में प्रस्तुत किया गया। इसके अलावा बच्चों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर दर्शकों का मनोरंजन किया।
इस अवसर पर इप्टा की अर्पिता, वरिष्ठ रंगकर्मी शांति जी, कामरेड शशि जी, डॉ. एस.के. झा, साहित्यकार रणेंद्र जी, जकारिया जी, मिथिलेश जी सहित जमशेदपुर, रांची, हजारीबाग, डाल्टेनगंज और घाटशिला से आए सैकड़ों कलाकार एवं दर्शक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन संजय सोलोमन एवं अर्पिता ने संयुक्त रूप से किया।
समारोह के अंत में बाल रंग शिविर में भाग लेने वाले 24 बाल कलाकारों को अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया। उल्लेखनीय है कि यह बाल रंग शिविर प्रसिद्ध फिल्मकार, लेखक एवं पत्रकार ख्वाजा अहमद अब्बास की स्मृति में आयोजित किया गया था।


