Campus Boom.
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सीएसआईआर-राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला (सीएसआईआर-एनएमएल), जमशेदपुर में अपशिष्ट प्रिंटेड सर्किट बोर्ड (PCB) पुनर्चक्रण पर आधारित पाँच दिवसीय मास्टर ट्रेनर्स एवं एक्सेलेरेटर्स प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल समापन हुआ। यह प्रशिक्षण 1 से 5 जून 2026 तक इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) तथा मिशन लाइफ (LiFE) के अंतर्गत “ई-वेस्ट प्रबंधन हेतु अनौपचारिक क्षेत्र क्षमता निर्माण” विषय पर आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का संयुक्त आयोजन सीएसआईआर-एनएमएल, सी-मैट (हैदराबाद) तथा सिपेट-एलएआरपीएम (भुवनेश्वर) द्वारा किया गया। समापन समारोह में सीएसआईआर-एनएमएल के निदेशक डॉ. संदीप घोष चौधरी ने ई-वेस्ट पुनर्चक्रण क्षेत्र में अनौपचारिक गतिविधियों को वैज्ञानिक, सुरक्षित एवं पर्यावरण-अनुकूल ढाँचे में लाने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि ई-वेस्ट पुनर्चक्रण केवल कचरा प्रबंधन नहीं, बल्कि संसाधन संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा एवं आजीविका से भी जुड़ा विषय है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य ऐसे मास्टर ट्रेनर्स तैयार करना था, जो देशभर के लगभग 15 हजार अनौपचारिक ई-वेस्ट पुनर्चक्रणकर्ताओं को सुरक्षित एवं वैज्ञानिक पुनर्चक्रण तकनीकों का प्रशिक्षण दे सकें। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को ई-वेस्ट संग्रहण, छंटाई, डिस्मैंटलिंग, पूर्व-उपचार, धातु पुनर्प्राप्ति तथा प्रदूषण नियंत्रण संबंधी प्रक्रियाओं का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों ने सीएसआईआर-एनएमएल के अर्बन ओर एवं रीसाइक्लिंग सेंटर का भ्रमण किया तथा पीसीबी पुनर्चक्रण से जुड़ी आधुनिक तकनीकों और उपकरणों की जानकारी प्राप्त की। मुख्य वैज्ञानिक एवं परियोजना प्रमुख डॉ. मनीष कुमार झा तथा विशेषज्ञों की टीम ने हाइड्रोमेटलर्जिकल प्रसंस्करण, ग्रेविटी सेपरेशन, लीचिंग, सॉल्वेंट एक्सट्रैक्शन, स्ट्रिपिंग एवं इलेक्ट्रो-विनिंग जैसी प्रक्रियाओं का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के अंतिम दिन प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया गया तथा सफल प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। इस दौरान डॉ. मनीष कुमार झा एवं डॉ. अंकुर शर्मा के साथ संवादात्मक सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा किए।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल समापन के उपलक्ष्य में सीएसआईआर-एनएमएल परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इस अवसर पर टेरी (TERI) एवं रीकार्ट (REKART) से जुड़े 12 मास्टर ट्रेनर्स ने आम के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
विशेषज्ञों ने कहा कि जिम्मेदार ई-वेस्ट पुनर्चक्रण, संसाधन संरक्षण और हरित पर्यावरण एक सुरक्षित एवं सतत भविष्य की आधारशिला हैं। यह कार्यक्रम देश में सर्कुलर इकोनॉमी, संसाधन दक्षता, रोजगार सृजन तथा पर्यावरण-अनुकूल ई-वेस्ट प्रबंधन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।


