Campus Boom.
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिला बार एसोसिएशन परिसर में अधिवक्ताओं के बीच 500 फलदार एवं फूलदार पौधों का वितरण किया गया। कार्यक्रम का आयोजन पर्यावरण संरक्षण एवं हरित वातावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से किया गया।
कार्यक्रम के संयोजक बलवंत सिंह ने प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश को कल्पतरु एवं रुद्राक्ष का पौधा भेंट कर सम्मानित किया। इसके पश्चात प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने पारिजात का पौधा लगाकर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। अन्य न्यायाधीशों को भी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं पदाधिकारियों द्वारा पारिजात के पौधे भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर बलवंत सिंह ने कहा कि मानव जीवन में वृक्षों का महत्व सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि हम भोजन के बिना कई दिन और पानी के बिना कुछ दिन जीवित रह सकते हैं, लेकिन प्राणवायु ऑक्सीजन के बिना क्षणभर भी नहीं रह सकते। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य है कि वह पर्यावरण संरक्षण और संवर्धन के लिए सक्रिय भूमिका निभाए। उन्होंने कहा कि पर्यावरण सुरक्षित रहेगा तभी मानव अस्तित्व भी सुरक्षित रह सकेगा।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने अपने संबोधन में कहा कि सृष्टि के सबसे बड़े दानी पेड़-पौधे हैं, जो हमें फल, फूल, छाया और ऑक्सीजन प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि आज हम अपने पूर्वजों द्वारा लगाए गए वृक्षों का लाभ प्राप्त कर रहे हैं, इसलिए आने वाली पीढ़ियों के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करना हमारी जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष आर.एन. दास, उपाध्यक्ष बलाई पांडा, अभय सिंह, लकी हेंब्रम, विनीता, अमित सिंह, अखिलेश सिंह, चंद्र प्रकाश सिन्हा, अजय सिंह सहित अन्य अधिवक्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
कार्यक्रम की जानकारी संयोजक बलवंत सिंह द्वारा दी गई।


