Campus Boom.
राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान जमशेदपुर में मंगलवार को “विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य एवं कल्याण” विषय पर फैकल्टी अपग्रेडेशन प्रोग्राम के उद्घाटन सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम संस्थान के डॉ. जे. एल. एच. सी.-212 सभागार में आयोजित हुआ। यह पहल भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय, उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार आयोजित की गई, जिसका उद्देश्य एनआईटी संस्थानों में छात्र मार्गदर्शन, भावनात्मक स्वास्थ्य, काउंसलिंग सहायता एवं सकारात्मक परिसर वातावरण को मजबूत बनाना है।
यह कार्यक्रम संस्थान के निदेशक प्रो. गौतम सूत्रधार के नेतृत्व में आयोजित किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों का मानसिक स्वास्थ्य एवं भावनात्मक संतुलन उनकी शैक्षणिक सफलता और व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने शिक्षकों की भूमिका को मार्गदर्शक एवं संरक्षक बताते हुए कहा कि सकारात्मक, समावेशी और संवेदनशील शैक्षणिक वातावरण के निर्माण में फैकल्टी की जिम्मेदारी बेहद अहम है।
उन्होंने कहा कि संस्थानों को विद्यार्थियों के समग्र विकास और शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए काउंसलिंग प्रणाली, सकारात्मक परिसर संस्कृति और छात्र सहभागिता गतिविधियों को लगातार सुदृढ़ करना चाहिए।
कार्यक्रम के प्रथम सत्र का विषय “फैकल्टी के लिए मानसिक स्वास्थ्य एवं भावनात्मक बुद्धिमत्ता” था। उद्घाटन सत्र में विशेषज्ञ वक्ता सागरिका घोष जे. ने भावनात्मक बुद्धिमत्ता, फैकल्टी कल्याण तथा सहानुभूतिपूर्ण एवं सहयोगात्मक शैक्षणिक वातावरण के निर्माण पर व्याख्यान प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम का आयोजन प्रो. सरोज कुमार सारंगी एवं प्रो. दिलीप कुमार यादव की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम के संयोजक डॉ. कुमारी नम्रता और डॉ. शक्तिवेल एस. थे।
कार्यक्रम समन्वयकों में डॉ. विजय कुमार डल्ला, डॉ. कुनाल सिंह, डॉ. संगीता कुमारी एवं डॉ. पौलामी माजी शामिल रहे, जबकि अजिताभ गौतम एवं पुष्पा बाला महतो सह-समन्वयक के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में उपनिदेशक प्रो. आर. वी. शर्मा सहित संस्थान के सभी डीन, विभागाध्यक्ष एवं विभिन्न विभागों के शिक्षक उपस्थित रहे।
संस्थान प्रशासन ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य शिक्षकों को प्रभावी मेंटरिंग कौशल, भावनात्मक बुद्धिमत्ता एवं आधुनिक शिक्षण पद्धतियों से सशक्त बनाना है, ताकि वे विद्यार्थियों के शैक्षणिक एवं व्यक्तिगत विकास में बेहतर सहयोग दे सकें। कार्यक्रम श्रृंखला के तहत आगे परिसर संस्कृति, डिजिटल शिक्षण, शोध निर्देशन एवं समावेशी शिक्षण वातावरण जैसे विषयों पर ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों में सत्र आयोजित किए जाएंगे।


