Campus Boom.
सामाजिक संस्था निश्चय फ़ाउंडेशन एवं केरुवाडूंगरी पंचायत के संयुक्त तत्वावधान में विश्व माहवारी स्वच्छता दिवस और निश्चय फ़ाउंडेशन के 9वें स्थापना दिवस के अवसर पर 27 मई 2026 को “मेंस्ट्रुअल वेस्ट फ्री केरुवाडूंगरी पंचायत” कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम सुबह 10:30 बजे बड़ा तालसा गांव स्थित इमली पेड़ के पास आयोजित होगा।
निश्चय फ़ाउंडेशन पिछले एक दशक से कोल्हान के ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, महिला सशक्तिकरण, बच्चों और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय रूप से कार्य कर रही है। संस्था विशेष रूप से माहवारी स्वच्छता जागरूकता और जेंडर समानता के क्षेत्र में अपने नवाचारी अभियानों के लिए जानी जाती है। संस्था द्वारा ग्रामीण विद्यालयों में पैड बैंक की स्थापना, माहवारी स्वच्छता कार्यशालाएं, “गिफ्ट सैनिटरी पैड्स फॉर रूरल गर्ल्स” अभियान, लॉकडाउन के दौरान सैनिटरी पैड राहत अभियान, “एक पैड, एक पेड़” तथा मिक्स जेंडर क्रिकेट मैच जैसे कई जनजागरूकता अभियान चलाए गए हैं।
संस्था को इस वर्ष विश्व माहवारी स्वच्छता दिवस का ऑफिशियल पार्टनर भी बनाया गया है। निश्चय फ़ाउंडेशन और केरुवाडूंगरी पंचायत पिछले कई वर्षों से पंचायत के गांवों में रीयूज़ेबल सैनिटरी पैड के उपयोग को बढ़ावा देने और माहवारी स्वच्छता पर सघन जागरूकता अभियान चला रहे हैं। इन प्रयासों का परिणाम यह है कि पंचायत के लगभग सभी गांवों की महिलाएं अब माहवारी के दौरान रीयूज़ेबल सैनिटरी पैड का इस्तेमाल कर रही हैं, जिससे सैनिटरी वेस्ट निस्तारण की समस्या में कमी आई है और पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिली है।
कार्यक्रम के दौरान पंचायत के 11 गांवों को औपचारिक रूप से “मेंस्ट्रुअल वेस्ट फ्री” घोषित किया जाएगा। आयोजन में गांव की महिलाएं, किशोरियां और पंचायत के सक्रिय कार्यकर्ता शामिल होंगे। कार्यक्रम का संदेश होगा — “माहवारी कोई शर्म नहीं, माहवारी के बिना हम नहीं।”
संस्था के संस्थापक तरुण कुमार ने बताया कि यह पहल केवल माहवारी स्वच्छता तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाओं के सम्मान, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ा एक सामाजिक आंदोलन है। वहीं पंचायत के मुखिया कान्हू मुर्मू ने कहा कि जनभागीदारी के बल पर पंचायत ने यह उपलब्धि हासिल की है, जो अन्य पंचायतों के लिए भी प्रेरणा बनेगी।
कार्यक्रम में मीडिया प्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम लोगों को शामिल होने का आमंत्रण दिया गया है।


