Campus Boom.
सोनारी स्थित ऑर्किड रेजीडेंसी परिसर में शुक्रवार को आर्टेक्स क्रिएशन ड्रॉइंग क्लासेस (अंडर शिवम शिल्प कला केंद्र) द्वारा आयोजित चार दिवसीय समर कैंप का भव्य समापन हुआ। कैंप का संचालन मधु सिंह के नेतृत्व में किया गया।
चार दिवसीय समर कैंप के दौरान बच्चों को कला प्रशिक्षण, योग, शिल्प कला, गीता श्लोक पाठ, बेस्ट फ्रॉम वेस्ट, स्वास्थ्य जागरूकता, डाइट एवं न्यूट्रिशन तथा खेलकूद से संबंधित गतिविधियों में शामिल किया गया। सभी कार्यशालाएं “जुगलबंदी” थीम पर आधारित थीं, जिसमें शहरी और ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों व अभिभावकों की सहभागिता सुनिश्चित की गई।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सरयू राय उपस्थित रहे। उन्होंने बच्चों एवं संस्था के सदस्यों के बीच प्रमाण पत्र, प्रशस्ति पत्र और मेडल वितरित किए। इस अवसर पर उन्होंने शिवम शिल्प कला केंद्र द्वारा आयोजित समर कैंप की सराहना करते हुए संस्था के कौशल विकास कार्यों को प्रेरणादायक बताया।
आयोजक मधु सिंह ने कहा कि कैंप के दौरान बच्चों के व्यक्तित्व विकास और आत्मविश्वास बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया गया। उन्होंने बताया कि पोटका स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय, टांगराईन के प्रधानाध्यापक अरविंद तिवारी के सहयोग से 10 बच्चियों को भी इस कैंप में भाग लेने का अवसर मिला, जो इस आयोजन की विशेष उपलब्धि रही।
उन्होंने कहा कि शिवम शिल्प कला केंद्र पूर्व से ही सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में सक्रिय रहा है और बच्चों व महिलाओं के लिए समय-समय पर रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित करता रहा है। समर कैंप का उद्देश्य बच्चों की प्रतिभा को निखारना और उन्हें रचनात्मक मंच उपलब्ध कराना है।
कैंप के पहले दिन आयोजित जुम्बा सेशन में बच्चों के साथ अभिभावकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। समर कैंप को सफल बनाने में संस्था की सदस्य पिंकी, ऐश्वर्या, निशा, आभा झा, माधुरी, स्वाति, हर्षा, ख्वाहिश और सोनू बिस्वाल का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावकों, स्थानीय लोगों और बच्चों की उपस्थिति रही।


