Campus Boom: राज्य संपोषित एसएस +2 उच्च विद्यालय, पटमदा में जेंडर समानता विषय पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में कक्षा 9वीं के नव नामांकित विद्यार्थियों को बालक-बालिका समानता, सम्मानजनक व्यवहार और व्यक्तित्व निर्माण से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानाध्यापक डॉ मिथिलेश कुमार ने की। उन्होंने कहा कि जीवन में सफल और बेहतर इंसान बनने के लिए जेंडर की समझ बेहद जरूरी है। विद्यालय में बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए समय-समय पर ज्ञानवर्धक और शैक्षणिक गतिविधियों का आयोजन किया जाता है।
कार्यशाला में सामाजिक संस्था निश्चय फाउंडेशन के संस्थापक तरुण कुमार मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि समाज में महिला, पुरुष और ट्रांसजेंडर सभी साथ रहते हैं और सभी का सम्मान करना हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि व्यवहार या नासमझी से किसी की भावनाओं को ठेस नहीं पहुंचनी चाहिए, इसके लिए जेंडर की सही समझ विकसित करना आवश्यक है।
कार्यशाला के दौरान बच्चों ने “लड़कों के काम” और “लड़कियों के काम” विषय पर समूह गतिविधियों में हिस्सा लिया। अभ्यास के दौरान यह सामने आया कि समाज द्वारा लड़कों के कार्य माने जाने वाले अधिकांश कार्य लड़कियां भी आसानी से कर सकती हैं, जबकि लड़कियों के कार्य समझे जाने वाले कई कार्य लड़कों द्वारा नहीं किए जाते। इससे बच्चों को समाज में व्याप्त जेंडर असमानता को समझने का अवसर मिला।
कार्यशाला का समापन विद्यालय के समीप स्थित पटमदा बस्ती गांव के दौरे और ग्रामीणों के साथ चर्चा सत्र के साथ हुआ। कार्यक्रम में जेंडर कार्यकर्ता सोमाय लोहार, शिक्षिका अनीता मुर्मू सहित करीब 100 विद्यार्थी उपस्थित थे। विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि जेंडर समानता को बढ़ावा देने के लिए विद्यालय में समय-समय पर मिक्स जेंडर क्रिकेट प्रतियोगिता जैसी गतिविधियां भी आयोजित की जाती हैं।


