Campus Boom.
छोटा गोविंदपुर स्थित विवेक विद्यालय में आयोजित पाँच दिवसीय “समर कैंप 2026” का रंगारंग समापन हुआ। समापन अवसर पर विद्यालय परिसर में विभिन्न मनोरंजक, शैक्षिक और प्रेरणादायक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्राथमिक वर्ग के विद्यार्थियों के लिए कक्षा-वार रोचक खेल आयोजित किए गए। कक्षा प्रथम के विद्यार्थियों ने “चेक योर लक”, कक्षा द्वितीय ने “टेम्पल रन”, कक्षा तृतीय ने “कैच मी इफ यू कैन”, कक्षा चतुर्थ ने “हॉप स्कॉच” तथा कक्षा पंचम ने “क्रॉस द हर्डल” गतिविधियों में हिस्सा लिया। खेलों के माध्यम से बच्चों ने आत्मविश्वास, सहयोग और खेल भावना का परिचय दिया।
कार्यक्रम के दौरान विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कृत भी किया गया। अंत में विद्यालय के मुख्य द्वार के पास विद्यार्थियों की कक्षा-वार समूह तस्वीरें ली गईं।
मध्यम वर्ग (कक्षा 6 से 8) के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक फिल्मों “आई एम कलाम” और “दी एपिक ऑफ रामायण” का प्रदर्शन किया गया। फिल्मों के माध्यम से विद्यार्थियों को संघर्ष, ईमानदारी, साहस और मानवता जैसे मूल्यों का संदेश दिया गया। साथ ही विभिन्न मनोरंजक खेलों का आयोजन कर विद्यार्थियों में टीमवर्क और समन्वय की भावना को प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को अल्पाहार एवं उपहार भी प्रदान किए गए।
विद्यालय के प्राचार्य अवधेश सिंह ने कहा कि समर कैंप 2026 विद्यार्थियों के लिए सीख और मनोरंजन का अनूठा संगम साबित हुआ। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों के उत्साह की सराहना करते हुए अभिभावकों के सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।


