Campus Boom.
भारतीय प्रबंधन संस्थान रांची ने पहली बार प्रतिष्ठित क्यूएस (QS) एग्जीक्यूटिव एमबीए रैंकिंग 2026 में अपनी जगह बनाकर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। इसके साथ ही आईआईएम रांची झारखंड का पहला संस्थान बन गया है, जिसे इस वैश्विक रैंकिंग में स्थान मिला है।
संस्थान ने अपने पहले ही प्रयास में देश के अन्य आईआईएम के बीच चौथा स्थान हासिल किया है, जो कार्यकारी प्रबंधन शिक्षा के क्षेत्र में इसके बढ़ते प्रभाव को दर्शाता है। वैश्विक स्तर पर संस्थान को 201+ बैंड में स्थान मिला है, जबकि एशिया-पैसिफिक क्षेत्र में यह 33वें स्थान पर रहा।
क्यूएस एग्जीक्यूटिव एमबीए रैंकिंग दुनिया के प्रतिष्ठित मानकों में से एक है, जिसमें संस्थानों का मूल्यांकन नियोक्ता प्रतिष्ठा, अकादमिक गुणवत्ता, कैरियर परिणाम, कार्यकारी प्रोफाइल और विविधता जैसे प्रमुख मानकों पर किया जाता है। आईआईएम रांची ने इन सभी संकेतकों पर संतुलित प्रदर्शन किया है। विशेष रूप से कैरियर परिणामों में संस्थान ने उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए स्नातकों की वेतन वृद्धि और पदोन्नति दरों में प्रभावशाली प्रगति दर्ज की है।
रैंकिंग में कार्यकारी प्रोफाइल के तहत प्रतिभागियों के औसत कार्य अनुभव, प्रबंधकीय क्षमता और शीर्ष प्रबंधन (सी-सूट) स्तर तक पहुंच को भी महत्व दिया जाता है। वहीं, विविधता के अंतर्गत लिंग संतुलन और अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधित्व का आकलन किया जाता है।
संस्थान ने गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान, उद्योग से मजबूत जुड़ाव और वैश्विक सहयोग के माध्यम से अपनी पहचान को सशक्त बनाया है। ‘इंस्टिट्यूट ऑफ नेशनल इम्पोर्टेंस’ के रूप में आईआईएम रांची लगातार नवाचार आधारित पाठ्यक्रम, उद्योग-उन्मुख कार्यक्रम और शोध पहलों के जरिए अपने शैक्षणिक पारिस्थितिकी तंत्र को विकसित कर रहा है।
कार्यरत पेशेवरों के लिए एमबीए (एग्जीक्यूटिव) कार्यक्रम
आईआईएम रांची का एमबीए (एग्जीक्यूटिव) कार्यक्रम विशेष रूप से कार्यरत पेशेवरों के लिए तैयार किया गया है। यह दो वर्षीय पाठ्यक्रम है, जिसमें प्रवेश के लिए स्नातक योग्यता के साथ कम से कम तीन वर्षों का कार्य अनुभव आवश्यक है।
कार्यक्रम में लेखा एवं वित्त, अर्थशास्त्र, विपणन प्रबंधन, संचालन, रणनीतिक प्रबंधन और मानव संसाधन जैसे प्रमुख विषय शामिल हैं। साथ ही, विभिन्न क्षेत्रों के वैकल्पिक विषयों का भी विकल्प दिया जाता है।
इस पाठ्यक्रम की खासियत इसका हाइब्रिड मॉडल है, जिसमें ऑनलाइन और आवासीय मॉड्यूल का समावेश है। कक्षाएं मुख्य रूप से सप्ताहांत में ऑनलाइन आयोजित की जाती हैं, जिससे पेशेवर अपने कार्य के साथ पढ़ाई को संतुलित कर सकें। प्रत्येक सत्र के अंत में प्रतिभागियों को आवासीय मॉड्यूल के लिए संस्थान परिसर में आना होता है।
यह उपलब्धि आईआईएम रांची के लिए न केवल वैश्विक पहचान का प्रतीक है, बल्कि राज्य और देश के प्रबंधन शिक्षा क्षेत्र के लिए भी एक सकारात्मक संकेत मानी जा रही है।


