Rina Kumari, Campus Boom.
समाज में बदलाव की असली कहानी अक्सर उन्हीं गलियों से निकलती है, जहां उम्मीद सबसे कम नजर आती है। Campus Boom आज से अपने पाठकों के लिए ऐसे ही युवाओं की प्रेरक यात्राएं लेकर आ रहा है जो अपने साहस, संकल्प और जमीनी प्रयासों से बदलाव की नई इबारत लिख रहे है। ये वे चेहरे हैं जो परंपराओं और चुनौतियों के बीच रह कर भी समाज को नई दिशा दें रहे हैं। Change Maker of Society के इस कड़ी में आज पेश है धतकीडीह की सानिया अख्तर की कहानी- एक ऐसी युवा, जिसने सीमाओं के भीतर रहकर भी अपने सपने को उड़ान दे और शिक्षा के जरिए अपने समुदाय में उम्मीद की नई रोशनी जगाई।
जमशेदपुर के धाकीडीह की संकरी गलियों में, जहां परंपराएं और अनकहे नियम आज भी लोगों के जीवन को दिशा देते हैं, वहीं की रहने वाली सानिया अख्तर ने इन सीमाओं के बीच रहकर बदलाव की एक नई कहानी लिखी है। मुस्लिम समुदाय से आने वाली सानिया ने बचपन से ही देखा कि गरीबी, जागरूकता की कमी और पारंपरिक सोच के कारण कई बच्चे, खासकर स्लम क्षेत्रों के, स्कूल से दूर होते जा रहे हैं। यही अनुभव उनके जीवन का उद्देश्य बन गया।
सानिया के जीवन में एक बड़ा मोड़ तब आया जब उन्होंने People for Change के ‘अदिर फेलोशिप’ से जुड़कर नेतृत्व, संवाद और जमीनी स्तर पर काम करने की बारीकियां सीखीं। इस अनुभव ने उन्हें अपने समुदाय में ठोस बदलाव लाने की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
अपने एक्शन प्रोजेक्ट के तहत सानिया ने ड्रॉपआउट बच्चों की पहचान करने, उनके परिवारों से संवाद स्थापित करने और उन्हें दोबारा शिक्षा की मुख्यधारा में जोड़ने का काम शुरू किया। उनके लिए यह केवल एक परियोजना नहीं, बल्कि व्यक्तिगत जिम्मेदारी है। इस प्रयास में वे अकेली नहीं हैं। समुदाय के जागरूक लोग, परिवार और स्वयं बच्चे भी उनके साथ जुड़कर बदलाव के साझेदार बन रहे हैं।
लगातार प्रयासों के परिणामस्वरूप सानिया ने दर्जनों बच्चों की पहचान की है और कई बच्चों को दोबारा स्कूल में दाखिला दिलाने में सफलता हासिल की है। उनके इस कार्य से समुदाय में शिक्षा को लेकर सोच में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है।
सानिया कहती हैं कि यह सफर केवल दूसरों के जीवन में बदलाव लाने का नहीं, बल्कि खुद के आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प को मजबूत करने का भी रहा है। उनके प्रयासों से न केवल बच्चों में बल्कि पूरे समुदाय में उम्मीद की नई किरण जगी है।
आगे की योजना पर बात करते हुए सानिया बताती हैं कि अदिर फेलोशिप के बाद वे अपने कार्यक्षेत्र को और व्यापक बनाना चाहती हैं। वे अपने People for Change के माध्यम से शिक्षा को अधिकार के रूप में स्थापित करने और जमशेदपुर के लिए एक सशक्त और जागरूक समाज बनाने की दिशा में लगातार काम करती रहेंगी।
सानिया अख्तर ने परंपराओं को तोड़ा नहीं, बल्कि उन्हें नए मायनों में परिभाषित किया है। उन्होंने साबित किया है कि हौसला और लगन के साथ, किसी भी समुदाय के भीतर रहकर भी सकारात्मक और स्थायी बदलाव लाया जा सकता है।


