Aslesha Vaduriya.
प्रिय स्त्री
सब गिनाएँगे तुम्हें तुम्हारी खूबसूरती,
पर तुम अपने संघर्षों के छालों को दबने मत देना।
ये जो हथेलियों पर उग आए हैं सब्र के नक्श,
इन्हें काँच की चूड़ियों के पीछे छुपने मत देना।
काजल सजी आँखों से जो तपस्या का लहू बहा है,
वह सिर्फ आँसू नहीं—वर्षों की साधना है।
माथे की शिकन में जो कहानी दर्ज है,
वह उम्र नहीं—तुम्हारी समझदारी की निशानी है।
दुनिया को देखने देना
कि तुम सिर्फ नज़र आने का हुनर नहीं जानती,
तुम टूटकर भी खड़े होने की कला जानती हो।
तुम्हारी खामोशी भी इंकलाब लिख सकती है,
और तुम्हारी आवाज
सदियों से चली आ रही कुरीतियों को हिला सकती है।



