Campus Boom.
जेवियर स्कूल, गम्हरिया में शैक्षणिक सत्र 2025–2026 के लिए भव्य प्राइज नाइट समारोह का आयोजन बड़े उत्साह और गरिमा के साथ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि टाटा स्टील, गम्हरिया के निलंजन विश्वास, फादर फ्रांसिस एस.जे. एवं फादर कुरूविला एस.जे. द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के 240 मेधावी छात्रों को अकादमिक एक्सीलेंस और आउटस्टैंडिंग एक्सीलेंस के लिए पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। समारोह में सत्र 2024–2025 के ICSE एवं ISC बोर्ड परीक्षाओं के टॉपर्स को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। ICSE में आद्या चौहान ने शीर्ष स्थान प्राप्त किया, जबकि ISC में विज्ञान संकाय से ईशा, वाणिज्य संकाय से कृष्ट सिंह सरदार और कला संकाय से निशित राज को सम्मान मिला।
https://www.facebook.com/share/p/1EZyj4NRiz/
खेलकूद के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शांति टुडू, सुमित हांसदा, ऋषि मिंज और अमित हांसदा को पुरस्कृत किया गया। वहीं NCC कैडेट के रूप में ऋषभ कपट को विशेष सम्मान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि निलंजन विश्वास ने छात्रों को अनुशासन, परिश्रम और समर्पण के साथ आगे बढ़ने तथा देश सेवा के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पुरस्कार छात्रों की कड़ी मेहनत और निरंतर प्रयास का प्रतिफल है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य फादर सेबेस्टियन एस.जे. ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि विद्यालय पिछले 14 वर्षों से निरंतर प्रगति कर रहा है और यहां के छात्र देश के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं। उन्होंने इस सफलता का श्रेय शिक्षकों के समर्पण और छात्रों की मेहनत को दिया।
समारोह के दौरान विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम को सफल बनाने में उप-प्रधानाचार्य सिस्टर निवेदिता, सिस्टर दीपिका, प्रशासक ब्रदर अमलराज एवं विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं की अहम भूमिका रही।


