Modhumita Ghosh, Campus Boom.
बहरागोड़ा प्रखंड के लाल बहादुर शास्त्री प्लस टू उच्च विद्यालय, जयपुरा की मेधावी छात्रा शिप्रा प्रधान ने मैट्रिक परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए 97.60% अंक प्राप्त कर पूरे कोल्हान में तृतीय तथा पूर्वी सिंहभूम जिले में द्वितीय स्थान हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।
साधारण परिवार से असाधारण उपलब्धि
शिप्रा प्रधान के पिता उत्तम कुमार प्रधान खेती-बाड़ी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं, जबकि माता मंजू प्रधान गृहिणी हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद शिप्रा ने अपनी मेहनत और दृढ़ संकल्प के दम पर यह मुकाम हासिल किया है।
अनुशासन और मेहनत की मिसाल
शिप्रा ने बताया कि परीक्षा से दो महीने पहले उन्होंने कड़ी दिनचर्या अपनाई। वे रात 1 बजे तक पढ़ाई करती थीं और सुबह 5 बजे उठकर 6 बजे ट्यूशन के लिए जाती थीं। उनकी इसी नियमितता और निरंतर अभ्यास ने सफलता की राह आसान की।
परिवार और शिक्षकों को दिया श्रेय
शिप्रा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और विद्यालय के शिक्षकों को दिया है। तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ी होने के नाते उन्होंने परिवार की उम्मीदों पर खरा उतरते हुए यह उपलब्धि हासिल की।
विज्ञान और गणित में खास रुचि
आगे की पढ़ाई को लेकर शिप्रा ने बताया कि वह विज्ञान संकाय से पढ़ाई करना चाहती हैं और विशेष रूप से गणित विषय में उनकी गहरी रुचि है।
विद्यालय का प्रदर्शन भी रहा शानदार
विद्यालय के प्रधानाध्यापक आनंद मधुकर ने शिप्रा सहित सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने बताया कि इस वर्ष विद्यालय का परीक्षा परिणाम भी बेहतर हुआ है। स्कूल से इस वर्ष कुल 139 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए थे जिसमे 136 ने सफलता हासिल की है। इसमें 101 ने प्रथम और 35 विद्यार्थी द्वितीय श्रेणी में सफल हुए हैं.
शिप्रा प्रधान की यह सफलता ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है, जो यह साबित करती है कि मेहनत और लगन से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।


