Campus Boom.
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने 10वीं का रिजल्ट जारी कर दिया है. बात कोल्हान की करें, तो जमशेदपुर पब्लिक स्कूल की छात्रा जंपना श्रेया ने 98.6 प्रतिशत अंक लाकर पूरे प्रमंडल में टॉप की है. वहीं डीएवी बिस्टुपुर के छात्र अर्चिस्मान बनर्जी ने 98 प्रतिशत अंक प्राप्त कर कोल्हान में दूसरे और जमशेदपुर टॉपर की श्रेणी में पहले नंबर पर हैं. वहीं विद्या भारती चिन्मया विद्यालय टेल्को की तीन छात्रा सुनिधि सिन्हा, दीप्ति आर्या और श्रीनीथी साहू ने 97.6 प्रतिशत अंक लाकर स्कूल टॉपर और सिटी टॉप टेन की श्रेणी में अपनी जगह बनाई है. सिटी टॉप में विवेक विद्यालय गोविंदपुर के छात्र प्रबीण राणा ने भी 97 प्रतिशत अंक लाकर स्कूल टॉपर के साथ सिटी टॉप टेन की श्रेणी में जगह बनाने में सफलता हासिल की है.
जंपना श्रेया – 98.6 प्रतिशत, जमशेदपुर पब्लिक स्कूल
जमशेदपुर पब्लिक स्कूल की जंपना श्रेया ने 98.6 प्रतिशत अंक लाकर कोल्हान टॉपर की श्रेणी में अग्रणी है. उन्होंने 10वीं तक किसी तरह का कोई अलग से कोचिंग या ट्यूशन नहीं लिया. स्कूल की पढ़ाई और सेल्फ स्टडी पर फोकस कर ही उन्होंने अपनी सफलता का झंडा गाड़ा है. श्रेया की साइंस और मैथ विषय काफी पंसद है. वे भविष्य में आईआईटी के माध्यम से एक सफल इंजीनियर बनना चाहती है. वे अपनी सफलता का श्रेय अपने माता पिता और गुरुजनों को देती है. पढ़ाई के अलावा श्रेया को पेंटिंग और पुस्तकें पढ़ना पसंद है.
अर्चिस्मान बनर्जी – 98 प्रतिशत, डीएवी बस्टुपुर.
डीएवी बिस्टुपुर के अर्चिस्मान बनर्जी 98 प्रतिशत अंक लाकर जहां एक ओर स्कूल टॉपर बने हैं, वहीं कोल्हान के टॉप टेन की श्रेणी में दूसरे नंबर पर हैं. अर्चिस्मान कहते हैं कि उन्होंने कभी भी पढ़ाई को बोझ नहीं माना. वे बताते हैं कि उन्होंने बोर्ड परीक्षा के समय भी रोजाना सिर्फ 2 से 3 घंटे ही पढ़ाई की, लेकिन पूरे ध्यान के साथ. उनका कहना है कि रोज थोड़ा-थोड़ा पढ़ना ज्यादा जरूरी है, बजाय इसके कि परीक्षा के समय घंटों पढ़ाई की जाए. वे ट्यूशन नहीं लेते थे, बल्कि स्कूल में जो पढ़ाया जाता था, उसे घर आकर लिखकर दोहराते थे, जिससे उन्हें चीजें अच्छे से याद हो जाती थीं.
अर्चिस्मान ने खेल को अपनी ताकत बनाया. वे रोजाना करीब 3 घंटे फुटबॉल खेलते थे और इसे कभी नहीं छोड़ा. उनका मानना है कि खेल खेलने से शरीर स्वस्थ रहता है और दिमाग भी फ्रेश रहता है, जिससे पढ़ाई करने में आसानी होती है.
अर्चिस्मान के नंबर भी उनकी मेहनत को दिखाते हैं, इंग्लिश में 96, संस्कृत में 99, गणित में 98, विज्ञान में 98, सोशल साइंस में 97 और आईटी में 99 अंक मिले हैं. अभी वे DAV स्कूल में ही इंटर की पढ़ाई कर रहे हैं और आगे चलकर IIT में पढ़ाई कर एक अच्छे इंजीनियर बनना चाहते हैं.




