Campus Boom.
जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज में बुधवार को पूर्व प्राचार्य डॉ. अमर सिंह के सम्मान में गरिमामय धन्यवाद एवं विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इसी अवसर पर इंटर के शिक्षकों के लिए भी धन्यवाद सह विदाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व प्राचार्य डॉ. अमर सिंह, वर्तमान प्राचार्य डॉ. कृष्णा प्यारे एवं इंटर इंचार्ज डॉ. स्वाति सोरेन द्वारा इंटर के शिक्षकों को स्मृति-चिह्न प्रदान कर किया गया। इस दौरान सभी शिक्षकों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
अपने संबोधन में डॉ अमर सिंह ने कॉलेज में अपने पाँच वर्षों के कार्यकाल के अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में पदभार संभालते हुए संस्थान को आगे बढ़ाने में कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा, लेकिन शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों के सहयोग से सभी कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हुए। उन्होंने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।
वर्तमान प्राचार्य डॉ. कृष्णा प्यारे ने डॉ. अमर सिंह को बड़े भाई के रूप में संबोधित करते हुए उनके योगदान की सराहना की और उनके नए दायित्वों के लिए शुभकामनाएं दीं।
वाणिज्य विभागाध्यक्ष डॉ. अशोक कुमार रवानी ने कहा कि डॉ. अमर सिंह ने संस्थान में सभी को आगे बढ़ने का अवसर दिया और कार्य की बारीकियों से अवगत कराया। वहीं, उप परीक्षा नियंत्रक डॉ. स्वाति सोरेन ने कॉलेज में लाइब्रेरी, थिएटर, सांस्कृतिक गतिविधियों और एलुमनी जैसी पहलों में उनके योगदान को सराहा। हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. राजीव रंजन राकेश ने उनके सपनों को आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया।
इस अवसर पर सीनेट सदस्य डॉ. अमर कुमार, डॉ. अनुपम, डॉ. रुचिका, डॉ. प्रियंका सिंह, दुर्गा तामसोय, चंदन कुमार सहित अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार रखते हुए डॉ. अमर सिंह के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन की सराहना की।
कार्यक्रम के अंत में शिक्षकों, शिक्षकेत्तर कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने भावुक वातावरण में उपहार भेंट कर डॉ. अमर सिंह को अश्रुपूर्ण विदाई दी। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अंतरा कुमारी तथा धन्यवाद ज्ञापन डॉ. अमर कुमार ने किया।
मौके पर डॉ. मंगला श्रीवास्तव, डॉ. विष्णु शंकर सिन्हा, डॉ. अनिल कुमार झा, विश्वनाथ, संजय सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, कर्मचारी और छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।


