Campus Boom.
देश के प्रतिष्ठित प्रबंधन संस्थानों में शामिल XLRI – Xavier School of Management ने अपने विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। संस्थान ने Andhra Pradesh Capital Region Development Authority (एपीसीआरडीए) के साथ समझौता कर आंध्र प्रदेश की राजधानी Amaravati में नया कैंपस स्थापित करने की घोषणा की है।
यह नया परिसर 61.7 एकड़ भूमि पर लगभग 300 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया जाएगा और इसे एक्सएलआरआई अमरावती के नाम से जाना जाएगा। प्रबंधन शिक्षा के क्षेत्र में इसे एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है, जो देश में उच्चस्तरीय मैनेजमेंट शिक्षा को और सशक्त बनाने का कार्य करेगा।
प्रस्तावित कैंपस में पहले चरण में करीब 1000 छात्रों के लिए इंटीग्रेटेड प्रोग्राम शुरू किया जाएगा। इसके अलावा लगभग 200 कार्यरत पेशेवरों के लिए एग्जीक्यूटिव एजुकेशन प्रोग्राम भी संचालित किए जाएंगे। इस पहल का उद्देश्य छात्रों और पेशेवरों के लिए ऐसा शैक्षणिक वातावरण तैयार करना है, जहां नेतृत्व क्षमता, नवाचार और उद्योग से जुड़ाव को बढ़ावा मिल सके।
संस्थान के अनुसार यह परिसर “Campus of Infinite Goodness” की अवधारणा पर आधारित होगा। इसमें आधुनिक तकनीक, स्मार्ट क्लासरूम, सहयोगात्मक शिक्षण स्पेस और सतत विकास (सस्टेनेबिलिटी) के सिद्धांतों को ध्यान में रखते हुए बुनियादी ढांचा तैयार किया जाएगा। इसे वैश्विक मानकों के अनुरूप विकसित किया जाएगा, ताकि अंतरराष्ट्रीय स्तर की शिक्षा उपलब्ध कराई जा सके।
इस अवसर पर Fr. George Sebastian ने कहा कि एक्सएलआरआई अमरावती संस्थान की उस प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जिसके तहत वह विश्वस्तरीय प्रबंधन शिक्षा की पहुंच का विस्तार कर रहा है। उन्होंने कहा कि यह कैंपस नवाचार, सतत विकास और जिम्मेदार नेतृत्व के समन्वय से भविष्य के नेतृत्वकर्ताओं को तैयार करेगा।
संस्थान और एपीसीआरडीए के बीच यह साझेदारी ज्ञान सृजन, नेतृत्व विकास और क्षेत्रीय आर्थिक प्रगति को बढ़ावा देने की साझा सोच को दर्शाती है। उभरते हुए प्रशासनिक और नवाचार केंद्र के रूप में अमरावती का चयन इस परियोजना के लिए रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
गौरतलब है कि 1949 में स्थापित XLRI – Xavier School of Management भारत के सबसे पुराने और अग्रणी बिजनेस स्कूलों में से एक है। अपनी शैक्षणिक उत्कृष्टता, नैतिक नेतृत्व और सामाजिक प्रभाव की परंपरा के लिए प्रसिद्ध यह संस्थान वर्षों से ऐसे नेतृत्वकर्ताओं को तैयार करता रहा है, जिन्होंने विभिन्न उद्योगों और वैश्विक स्तर पर महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
जमशेदपुर, दिल्ली-एनसीआर और अब अमरावती में कैंपस के साथ एक्सएलआरआई अपनी राष्ट्रीय उपस्थिति को लगातार मजबूत कर रहा है और “सर्वजन हिताय” की भावना के साथ जिम्मेदार नेतृत्व विकसित करने के अपने मूल उद्देश्य को आगे बढ़ा रहा है।


