Campus Boom.
पूर्वी सिंहभूम के पोटका स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय (केजीबीवी) के 30 छात्राओं का एक दल शिक्षिका ज्योति सागर और सुचिता कुमारी के नेतृत्व में झारखंड विधानसभा की शैक्षणिक यात्रा पर शनिवार को पहुंचा। यह यात्रा की परिकल्पना विधायक संजीव सरदार ने की थी जिनकी पहल पर छात्राओं को न केवल विधानसभा भ्रमण का अवसर मिला बल्कि छात्राओं को सत्र सुनने का भी अनुभव प्राप्त हुआ।
यह यात्रा छात्राओं के लिए अत्यंत प्रेरणादायक और ज्ञानवर्धक साबित हुई। इस दौरान छात्रों ने विधानसभा परिसर का भ्रमण करते हुए सदन की कार्यवाही को अपनी आँखों से देखा और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को करीब से समझने का अवसर प्राप्त किया।
शैक्षणिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने विधानसभा के सत्र के संचालन को देखा और जाना कि किस प्रकार जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की जाती है तथा बहस के माध्यम से महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाते हैं। छात्रों ने यह भी समझा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनप्रतिनिधियों की क्या भूमिका होती है और किस तरह से जनता की समस्याओं को सदन में उठाया जाता है।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को स्पीकर से मिलने का भी अवसर मिला। इस दौरान विधायक संजीव सरदार भी मौजूद रहे। स्पीकर ने छात्रों से संवाद करते हुए लोकतंत्र की गरिमा, संवैधानिक मूल्यों और जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारियों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने छात्रों को लोकतांत्रिक परंपराओं का सम्मान करने और समाज के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा दी। 
विद्यार्थियों ने बताया कि यह अनुभव उनके लिए बेहद खास रहा। सदन की कार्यवाही को प्रत्यक्ष रूप से देखकर उन्हें लोकतांत्रिक व्यवस्था को समझने में काफी मदद मिली। इस यात्रा ने उन्हें देश की लोकतांत्रिक प्रणाली के प्रति जागरूक बनाया और भविष्य में जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा भी दी।
छात्रों ने कहा कि इस तरह की शैक्षणिक यात्राएँ पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ व्यवहारिक समझ भी प्रदान करती हैं। यह यात्रा उनके लिए यादगार रही और इससे उन्हें लोकतंत्र की कार्यप्रणाली के बारे में नई सीख मिली।


