Campus Boom.
झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की अनुशंसा पर कोल्हान विश्वविद्यालय में वर्ष 2008 में नियुक्त 61 शिक्षकों को असिस्टेंट प्रोफेसर स्टेज -1 से स्टेज -2 में पदोन्नति की पहली अधिसूचना सूची जारी कर दी गई है। इस अवसर पर कोल्हान विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (टाकू) के अध्यक्ष प्रो. इंदल पासवान और महासचिव डॉ. अशोक कुमार रवानी ने संयुक्त रूप से सभी शिक्षकों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। करीब 14 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद शिक्षकों की पहली पदोन्नति होने से विश्वविद्यालय के शिक्षकों में काफी हर्ष का माहौल है।
टाकू महासचिव डॉ अशोक कुमार रवानी ने बताया कि वर्ष 2008 के लगभग 60 शिक्षकों की पदोन्नति की प्रक्रिया अभी भी JPSC में चल रही है और उसकी अधिसूचना भी जल्द जारी होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि इस पदोन्नति के बाद अब शिक्षक असिस्टेंट प्रोफेसर स्टेज -2 से स्टेज -3 के लिए आवेदन कर सकेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि पहली पदोन्नति होने के बाद वर्ष 2008 के शिक्षक अब राजकीय विश्वविद्यालयों में कुलसचिव, परीक्षा नियंत्रक, वित्त पदाधिकारी जैसे प्रशासनिक पदों पर सेवा देने के लिए भी पात्र हो गए हैं।
डॉ. रवानी ने कहा कि वर्ष 2008 के शिक्षकों की पदोन्नति प्रक्रिया शुरू हो जाने से वर्ष 2020 और उसके बाद नियुक्त हुए कोल्हान विश्वविद्यालय के शिक्षकों की पदोन्नति का रास्ता भी साफ हो गया है। अब नवनियुक्त शिक्षकों के पदोन्नति और वेतन निर्धारण के लिए टाकू लगातार प्रयास करेगा।
वहीं टाकू अध्यक्ष प्रो. इंदल पासवान ने कहा कि माननीय कुलपति महोदया ने विश्वविद्यालय में योगदान देने के बाद शिक्षकों की लंबित पदोन्नति के मामले को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी कर पदोन्नति संचिका समय पर JPSC को भेजी। इसके लिए उन्होंने कुलपति के प्रति समस्त शिक्षकों की ओर से आभार व्यक्त किया। इसके अलावा उन्होंने कुलसचिव और विश्वविद्यालय के अन्य पदाधिकारियों के प्रति भी धन्यवाद और साधुवाद प्रेषित किया।


