Campus Boom.
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने में दिन-रात योगदान देने वाली स्वच्छता विरांगनाओं के सम्मान में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत केक कटिंग से हुई, जिसके बाद स्वच्छता विरांगनाओं के लिए कई रोचक गतिविधियाँ आयोजित की गईं। इस दौरान रंगोली प्रतियोगिता, म्यूजिकल चेयर और सीढ़ी (लैडर) गेम का आयोजन किया गया, जिसमें स्वच्छता कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
रंगोली प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने स्वच्छता थीम पर आकर्षक रंगोलियाँ बनाकर लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया। वहीं म्यूजिकल चेयर और अन्य खेल गतिविधियों के माध्यम से भी स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने का प्रयास किया गया। इस अवसर पर स्वच्छता के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली स्वच्छता विरांगनाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में शहर के स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडर पप्पू सरदार भी उपस्थित रहे। उन्होंने लोगों से अपने घर, बाजार और आसपास के क्षेत्रों को साफ रखने तथा कचरे का स्रोत पर पृथक्करण (सोर्स सेग्रीगेशन) करने की अपील की।
आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य स्वच्छता विरांगनाओं के समर्पण और मेहनत को सम्मान देना तथा उन्हें प्रोत्साहित करना है, ताकि स्वच्छ जमशेदपुर के लक्ष्य को और मजबूती मिल सके।


