Campus Boom.
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिला कल्याण समिति, सुंदरनगर, जमशेदपुर एवं एक्शन ऐड एसोसिएशन, जमशेदपुर के संयुक्त तत्वावधान में महिलाओं के सम्मान, अधिकार और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में जलवायु परिवर्तन का महिलाओं पर प्रभाव, महिला-पुरुष को समान वेतन, महिलाओं के लिए विशेष कोषांग, महिला थाना, वन स्टॉप सेंटर, महिला सेल, महिलाओं को निःशुल्क कानूनी सहायता के लिए डीएलएसए, झालसा व नालसा की भूमिका, महिला आयोग, महिलाओं के साथ होने वाली हिंसा में मीडिया की जिम्मेदारी, महिलाओं का व्यापार व माइग्रेशन, कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा तथा महिलाओं की सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक भागीदारी को मजबूत बनाने जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि समाज के विकास में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। आज महिलाएं शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और राजनीति सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बना रही हैं। इसके बावजूद उन्हें समान अधिकार, सुरक्षा और सम्मान दिलाने के लिए सरकार, प्रशासन और समाज को और अधिक जागरूक होने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम में महिलाओं के अधिकार, शिक्षा, स्वास्थ्य, घरेलू हिंसा से सुरक्षा, महिलाओं के लिए हेल्पलाइन नंबर 100, 112, 181 तथा बच्चों की सुरक्षा के लिए हेल्पलाइन नंबर 1098 के बारे में भी जानकारी दी गई। उपस्थित लोगों ने महिलाओं के सम्मान और समान अवसर के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में महिला कल्याण समिति, सुंदरनगर की अध्यक्ष सुस्मृति बासु, सचिव अंजलि बोस, सह सचिव बरनाली चक्रवर्ती, कोषाध्यक्ष संयुक्ता चौधरी, सदस्य पम्पा बरुआ, शोभा मार्डी, बेबी दत्ता, दीपाली बासु, एक्शन ऐड एसोसिएशन के सक्रिय सदस्य एवं मानवाधिकार रक्षक, आदर्श सेवा संस्थान की प्रभा जायसवाल, सोनारी के सचिव, युवा संस्था की अध्यक्ष ऊषा शबीना, सदस्य चांदमुनि व अंजना, दिशारी संस्था की सचिव शांति घोष, डालसा की पैनल लॉयर प्रीति मुर्मू तथा पत्रकार ऐनी अमृता सहित स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता, युवा और बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित थीं।
कार्यक्रम की जानकारी पम्पा बरुआ ने दी। संचालन सुस्मृति बासु एवं बरनाली चक्रवर्ती ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन बेबी दत्ता ने किया। अंत में सभी ने महिलाओं के प्रति सम्मान और समानता का संदेश देते हुए अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं दीं।


