Campus Boom.
टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन एवं टाटा मोटर्स प्रबंधन के संयुक्त तत्वावधान में टेल्को रिक्रेएशन क्लब परिसर में होली मिलन समारोह का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में यूनियन और प्रबंधन के पदाधिकारियों ने एक साथ भाग लेकर आपसी सौहार्द और सहयोग का संदेश दिया।
समारोह में यूनियन अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद एवं महामंत्री आरके सिंह पूरी यूनियन टीम के साथ उपस्थित रहे। वहीं प्रबंधन की ओर से प्लांट हेड अनुराग छारिया, एचआर हेड प्रणव कुमार, ईआर हेड सौमिक रॉय, वी.एन. सिंह, केशव मणि, वर्सिल सहाय तथा आंचल सिंहा सहित कई वरीय पदाधिकारी मौजूद थे। कार्यक्रम में आरके सिंह फैंस क्लब के सदस्य भी शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान सभी ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर तथा फूलों की पंखुड़ियों से होली खेली और शुभकामनाएं दीं। होली गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को उत्सवमय बना दिया। जमशेदपुर के स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुति पर उपस्थित लोग झूम उठे। कार्यक्रम का संचालन आंचल सिंहा ने किया।
प्लांट हेड अनुराग छारिया ने होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस तरह के संयुक्त आयोजन यूनियन और प्रबंधन के संबंधों को और मजबूत करते हैं तथा आपसी विश्वास को बढ़ाते हैं। उन्होंने गुणवत्ता, उत्पादकता और सुरक्षा बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
महामंत्री आरके सिंह ने कहा कि फरवरी-मार्च में उत्पादन का दबाव अधिक रहता है, लेकिन इस तरह के आयोजन सकारात्मक ऊर्जा देते हैं और सभी मिलकर हर लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने सभी को सुरक्षित होली खेलने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों को अंगवस्त्र एवं प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। गायक देव ने मोहम्मद रफी के गीत से सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत की, जबकि गायिका पूजा ने अपनी मधुर प्रस्तुति से खूब तालियां बटोरी। सुरेश पांडेय के भोजपुरी गीतों पर उपस्थित लोग थिरकते नजर आए। अंत में सभी ने लजीज व्यंजनों का आनंद लिया।


