Campus Boom.
टाटा स्टील द्वारा आयोजित संस्थापक दिवस (3 मार्च, टाटा समूह के संस्थापक जेएन टाटा की जयंती) समारोह के अवसर पर इस वर्ष एक नया और अलग पहलू सामने आया है। कंपनी ने पहली बार अपने संस्थापक जेएन टाटा की बिना दाढ़ी (क्लीन-शेव) वाली तस्वीर जारी की है, जो अब चर्चा का विषय बन गई है।
इस वर्ष संस्थापक दिवस के आधिकारिक पोस्टर में भी जेएन टाटा की यही क्लीन-शेव तस्वीर प्रकाशित की गई है। अब तक देशभर में स्थापित उनकी अधिकांश प्रतिमाओं और तस्वीरों में उन्हें लंबी दाढ़ी के साथ ही दर्शाया जाता रहा है। ऐसे में पहली बार सामने आई इस नई तस्वीर ने लोगों को जेएन टाटा के व्यक्तित्व को एक अलग रूप में देखने का अवसर दिया है।
जानकारी के अनुसार, इस वर्ष जेएन टाटा की 187वीं जयंती विश्वभर में मनाई जा रही है। वहीं 119 वर्षों की यात्रा पूरी कर चुका टाटा स्टील आज वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान स्थापित कर चुका है। माना जा रहा है कि कंपनी इस नई तस्वीर के माध्यम से संस्थापक दिवस समारोह में कुछ नया और अलग प्रस्तुत करने का प्रयास कर रही है।
हालांकि तस्वीर के चयन को लेकर पूछे गए सवाल पर टाटा स्टील के वीपी कॉरपोरेट सर्विसेस डी.बी. सुंदर रामम ने किसी विशेष कारण से इनकार किया। उन्होंने कहा कि तस्वीर बदलने के पीछे कोई खास वजह नहीं है और इसे केवल नयापन के रूप में देखा जा सकता है। संस्थापक दिवस के मौके पर जारी इस तस्वीर ने शहरवासियों और टाटा कर्मियों के बीच खास उत्सुकता पैदा कर दी है।


