Campus Boom.
जमशेदपुर शहर में श्री जगन्नाथ महाप्रभु के भव्य मंदिर के भूमि पूजन एवं देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आगमन के अवसर पर टीम पीएसएफ की ओर से विशेष एसडीपी (सिंगल डोनर प्लेटलेट) रक्तदान अभियान का आयोजन किया गया। यह आयोजन राष्ट्रपति के सम्मान एवं भगवान जगन्नाथ को समर्पित रहा।
अभियान के दौरान टाटा स्टील कर्मी एवं रक्तदाता धीरज कुमार सिंह ने अपना 50वां स्वैच्छिक रक्तदान एसडीपी के माध्यम से पूरा कर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की। इस अवसर पर टीम पीएसएफ द्वारा आयोजित अभियान के तहत कुल 1767वां एसडीपी रक्तदान भी सम्पन्न हुआ, जिसे राष्ट्रपति के सम्मान और श्री जगन्नाथ महाप्रभु को समर्पित किया गया।
रक्तदान के पश्चात धीरज कुमार सिंह को शॉल ओढ़ाकर, प्रशस्ति पत्र एवं प्रतीक चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक करने और नियमित रक्तदान के महत्व पर भी चर्चा की गई।
इस अवसर पर जमशेदपुर ब्लड सेंटर के जीएम संजय चौधरी, डॉ. लव बहादुर सिंह, तकनीशियन सुबीर बनर्जी, रवि शंकर पात्रो सहित टीम पीएसएफ के निदेशक अरिजीत सरकार, शतकवीर रक्तदाता कुमारेस हाजरा, रवि शंकर एवं उत्तम कुमार गोराई उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने रक्तदान को मानव सेवा का सर्वोच्च कार्य बताते हुए अधिक से अधिक लोगों से नियमित रक्तदान करने की अपील की।


