Campus Boom.
शहर स्थित जमशेदपुर ब्लड सेंटर के सभागार में टीम पीएसएफ द्वारा एक दिवसीय प्राथमिक सहायता एवं आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने संबंधी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) सहित जीवनरक्षक तकनीकों की जानकारी दी गई, जिसे प्रशिक्षणार्थियों ने दैनिक जीवन के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।
यह प्रशिक्षण भीवीडीए जमशेदपुर द्वारा संचालित छह माह के ‘मास्टर मोटिवेटर’ कार्यशाला के 12वें बैच के अंतर्गत आयोजित किया गया। प्रत्येक रविवार आयोजित होने वाले इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में रक्तदान जागरूकता, रक्त के अवयवों तथा सामाजिक नेतृत्व से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रतिभागियों को प्रशिक्षित किया जा रहा है।
22 फरवरी को आयोजित विशेष सत्र में प्रतीक संघर्ष फाउंडेशन (टीम पीएसएफ) ने पूरे दिन चलने वाले प्रशिक्षण में प्राथमिक उपचार, आपातकालीन स्थिति में बचाव, घायल व्यक्ति को ‘गोल्डन आवर’ के भीतर अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया, डूबते व्यक्ति को बचाने की तकनीक, जलने-झुलसने की स्थिति में प्राथमिक उपचार, हड्डी टूटने पर सहायता, स्ट्रेचर ड्रिल, एंबुलेंस लोडिंग तथा रेस्क्यू ट्रिक्स पर प्रेजेंटेशन और लाइव डेमो के माध्यम से प्रशिक्षण दिया।
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप किसी भी घायल व्यक्ति को कम समय और सीमित संसाधनों में शीघ्र नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाकर समय पर उपचार सुनिश्चित करना रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्रशिक्षणार्थियों ने भाग लिया, जिसमें युवतियों की सक्रिय भागीदारी विशेष रूप से देखने को मिली।
प्रशिक्षण सत्र का संचालन टीम पीएसएफ के निदेशक अरिजीत सरकार ने किया। उनकी प्रशिक्षण शैली की प्रतिभागियों ने सराहना की। कार्यक्रम के अंत में प्रश्न-उत्तर सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें सही जवाब देने वाले प्रतिभागियों को प्रोत्साहन स्वरूप पुरस्कृत किया गया।
इस अवसर पर भीवीडीए के फाउंडर सुनील मुखर्जी, महासचिव कमल कुमार घोष, कुमारेस हाजरा, मोहम्मद दानिश तथा उत्तम कुमार गोराई सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।


