Campus Boom.
श्री श्री राममंदिर समिति, टेल्को की ओर से रविवार संध्या होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन राममंदिर प्रांगण में किया गया। कार्यक्रम में पारंपरिक फगुआ गीतों की प्रस्तुति ने पूरे वातावरण को होलीमय बना दिया। कार्यक्रम में सरस्वती रामायण मंडली के व्यास प्रभात तिवारी (बक्सर, बिहार), प्रीतम चंदन एवं बबन पाण्डेय (भोजपुर, बिहार) ने अपनी प्रस्तुति से उपस्थित श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। मंडली द्वारा प्रस्तुत पारंपरिक फगुआ गीत — “शिव सती खेले फाग…”, “वीरन में हनुमान…”, “बंगला में उड़ेला अबीर…”, “सुमिरहूँ श्री भगवान…” तथा “बाबा हरिहरनाथ सोनपुर में होली खेले” — पर श्रोता झूम उठे। ढोल, झाल और बैंजो की मधुर ध्वनि से पूरा मंदिर प्रांगण गुंजायमान रहा।
इस अवसर पर मंदिर समिति के महामंत्री ने व्यास मंडली के कलाकारों का फूलमाला पहनाकर स्वागत एवं अभिनंदन किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में समिति अध्यक्ष मानस मिश्रा एवं कमल किशोर उपस्थित रहे। अपने संबोधन में उन्होंने सभी श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों को होली की शुभकामनाएं दीं और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की बधाई दी। आयोजन के अंत में सभी ने पारंपरिक होली पकवान — पुआ, पूड़ी, आलू-कटहल दम एवं दही बड़ा — का सामूहिक रूप से आनंद लिया।
समारोह को सफल बनाने में समिति के महामंत्री चंद्रभान सिंह, नरेंद्र कुमार सिंह (हैप्पी), नंदलाल सिंह, बबन पाण्डेय, पंडित जीवानंद मिश्रा, राकेश कुमार सिंह, सुधीर कुमार सिंह, सुनील कुमार सिंह, कामेश्वर सिंह, विजय कुमार सिंह, मनंजय पाण्डेय, शैलेश सिंह, संजय सिंह, वेंकट राव, राजेश पाण्डेय एवं अरविंद प्रसाद सहित अनेक सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।


