Campus Boom.
आईआईएम रांची में चल रहे दो दिवसीय भारतीय सिनेमा पर आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का सफल समापन हुआ। दूसरे दिन भी कई पैनल चर्चाएं हुई। पहले सत्र में भारतीय फिल्म जगत के बदलते स्वरूप पर प्रो नीलू ने फिल्मकार मेघनाथ, अनुज कुमार और इंद्रशीष के साथ चर्चा की। फिल्मकार मेघनाथ ने कहा कि पहले फिल्में बनाने के लिए बहुत महंगे उपकरणों की जरूरत होती थी, लेकिन आज मोबाइल फोन से भी फिल्म बनाई जा सकती है। ओटीटी प्लेटफॉर्म की वजह से फिल्में अब सीधे लोगों के घरों तक पहुंच रही हैं।
फ़िल्मकार अनुज कुमार ने सिनेमा के बढ़ते कारोबार पर अपनी बातें रखी। कहा कि – कोविड-19 के बाद भारतीय सिनेमा का व्यापार काफी बढ़ा है। डिज्नी और नेटफ्लिक्स जैसे वैश्विक निवेशक अब बॉलीवुड में निवेश कर रहे हैं, जिसका फायदा पूरी फिल्म इंडस्ट्री को मिल रहा है। वहीं इन्द्रासिस आचार्य ने कहा कि आज भी फिल्मकारों को अपनी पसंद की फिल्म बनाने के लिए पूंजी जुटाने की ज़रूरत पड़ती है, इसके बाद फिल्म बन भी जाये तो लोगो को सिनेमाघरों तक आकर्षित करना कठिन काम है। विशेषज्ञों ने जोर दिया कि फिल्में समाज का आईना होती हैं। फिल्मकारों की यह जिम्मेदारी है कि वे अपनी फिल्मों के जरिए लोगों की सोच और जागरूकता को सही दिशा दें।
दूसरे सत्र में भारतीय सिनेमा का इतिहास और विश्व में स्थान विषय पर प्रो विकास पाथे ने, प्रो. धनंजय राय, प्रो. मोनिया एकियारी, प्रो. एसवी श्रीनिवास और प्रो. पिप्पा कैटरॉल के साथ चर्चा की।वक्ताओं ने कहा की भारतीय सिनेमा समय के साथ बदल रहा है और आज वैश्विक सांस्कृतिक और आर्थिक मंच पर अपनी एक मजबूत पहचान बना चुका है।
समापन सत्र में आईआईएम रांची के निदेशक प्रो. दीपक कुमार श्रीवास्तव ने दो दिवसीय भारतीय सिनेमा पर आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन की सफलता पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि इन दो दिनों में भावनाओं, सीखने की प्रक्रिया और अकादमिक विचारों का शानदार आदान-प्रदान हुआ। इस सम्मेलन में देश-विदेश के विद्वानों द्वारा लगभग 150 शोध पत्र प्रस्तुत किए गए। उन्होंने सम्मेलन से मिली तीन महत्वपूर्ण सिख पर चर्चा कि – कहा कि सिनेमा समाज का प्रतिबिंब है, इसके साथ ही ये अकादमिक और नेतृत्त्व कौशल को भी बढ़ावा देता है, सिनेमा को एक बिजनेस और मैनेजमेंट मॉडल के रूप में भी देखा जाये तो सफलता मिलेगी।
सम्मलेन के समापन के मौके पर 15 अलग-अलग सत्रों में आयोजित शोध पत्र के विजेताओं को सम्मानित किया गया। इनमें कोमल, प्रशांत, समृद्धि, अजीत, काव्या, राजशेखर, प्रेमचंद, पुलकित, जयेश, श्रेया, डॉ. आकांक्षा, डॉ. भावना, साईश्रेया, केज़िया एल्सा, डॉ. सत्यनारायण, डॉ. वेंकटेशकुमार, डॉ. एसए सेंथिल, स्मृति, प्रणय, प्रियंका और विनोद कुमार पांडेय शामिल थे। सम्मेलन के चेयरपर्सन प्रो विकास पाथे ने समापन पर धन्यवाद ज्ञापन पेश किया।


