Campus Boom.
जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय में राष्ट्रव्यापी सूर्य नमस्कार अभियान के तहत योग विभाग द्वारा विश्वविद्यालय के इनडोर स्टेडियम, बिष्टुपुर में विशेष सूर्य नमस्कार सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम कुलपति प्रो. डॉ. अंजिला गुप्ता के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। रथ सप्तमी से 19 फरवरी तक चल रहे इस अभियान के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में योग विभाग के पीजी द्वितीय एवं चतुर्थ सेमेस्टर, योग सर्टिफिकेट कोर्स, बीपीएड प्रथम एवं तृतीय सेमेस्टर की छात्राओं के साथ एनसीसी, एनएसएस एवं हॉस्टल की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और सामूहिक रूप से सूर्य नमस्कार का अभ्यास किया।
कार्यक्रम का आयोजन पूर्वी सिंहभूम जिला योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन के तत्वावधान में जिला सचिव मलय कुमार डे के नेतृत्व में संपन्न हुआ। इस अवसर पर शिक्षा संकायाध्यक्ष डॉ. कामिनी कुमारी मुख्य रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि सूर्य नमस्कार शारीरिक स्फूर्ति के साथ आत्मबल और मानसिक एकाग्रता को बढ़ाने का प्रभावी माध्यम है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों की स्मरण शक्ति, मानसिक शांति और बौद्धिक विकास में सहायक सिद्ध होते हैं।
कार्यक्रम का मंच संचालन योग विभाग के योगाचार्य रवि शंकर नेवार ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन सास्वती मैती ने किया। व्यवसायिक पाठ्यक्रम समन्वयक डॉ. अन्नपूर्णा झा ने आयोजन की सफलता पर बधाई देते हुए कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करना है।
कार्यक्रम में बी.पी.एड. विभाग के शिक्षकों की भी सक्रिय भागीदारी रही और छात्राओं ने सामूहिक रूप से स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया।


