Special Report.
चाय का बागान का नाम आते ही सभी के जेहन में असम और दार्जलिंग का नाम और दृश्य सामने आने लगते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि भारतीय क्रिकेटर टीम के पूर्व कप्तान मास्टर ब्लास्टर और मिस्टर कूल महेंद्र सिंह धोनी का शहर झारखंड की राजधानी रांची जो आज तेजी से आधुनिक शहर में बदल रही है। चौड़ी सड़कें, अपार्टमेंट, सरकारी भवन और व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स शहर की नई पहचान बन चुके हैं, वहां कभी हरे-भरे चाय बागान लहराया करते थे। जी हाँ आप बिल्कुल सही पढ़ रहे हैं. बहुत कम लोगों को याद है कि जिस जमीन पर आज कंक्रीट की इमारतें खड़ी हैं, वहां चाय का बागान हुआ करता था। अब यहां चाय के बागान तो नहीं लेकिन उसकी याद आज भी इलाके के नाम चाय बागान एरिया के तौर पर जीवित है। पढ़िए ये विशेष रिपोर्ट।
ब्रिटिश शासनकाल में रांची के नामकुम और आसपास के इलाकों में चाय की खेती शुरू की गई थी। अंग्रेजों ने छोटानागपुर के पठारी मौसम को चाय उत्पादन के लिए उपयुक्त पाया और यहां प्रयोगात्मक चाय बागान विकसित किए। उस दौर में यह इलाका हरियाली से भरा शांत क्षेत्र था, जहां चाय के पौधों की कतारें शहर की पहचान बन रही थीं।
शहरीकरण की रफ्तार और बदलती जमीन
समय के साथ रांची का विस्तार तेजी से हुआ। आबादी बढ़ी प्रशासनिक संस्थान स्थापित हुए आवासीय कॉलोनियां और सरकारी भवन बने धीरे-धीरे चाय बागानों की जमीन शहरी विकास की भेंट चढ़ती चली गई। जहां कभी मजदूर चाय पत्तियां तोड़ते नजर आते थे, वहां आज बहुमंजिला इमारतें और व्यावसायिक परिसर खड़े हैं।
इतिहास से विकास तक का सफर
शहर के पुराने जानकार बताते हैं कि चाय बागान केवल खेती नहीं थे, बल्कि रांची की जलवायु और प्राकृतिक पहचान का हिस्सा थे। लेकिन विकास की जरूरतों और जमीन की बढ़ती मांग ने इस विरासत को पीछे छोड़ दिया।
विशेषज्ञ मानते हैं कि यह बदलाव भारत के कई शहरों की तरह रांची में भी ग्रामीण से शहरीकरण की कहानी को दर्शाता है। चाय बागान के खत्म होने के मुख्य कारण तेजी से बढ़ती शहरी आबादी, जमीन की बढ़ती कीमत, व्यावसायिक उत्पादन का सीमित दायरा, सरकारी और आवासीय परियोजनाओं का विस्तार को माना जाता है।
थोड़ी हरियाली ही अब बची है पहचान
हालांकि बड़े पैमाने पर चाय बागान अब इतिहास बन चुके हैं, लेकिन नामकुम क्षेत्र में इसकी स्मृतियां आज भी स्थानीय लोगों की यादों और कुछ बचे हरित इलाकों में दिखाई देती हैं। इतिहासकारों का मानना है कि शहर के विकास के साथ ऐसी विरासतों को दस्तावेज़ों और स्मारकों में संरक्षित करना जरूरी है।
मिट्टी में अब भी चाय की खुशबू
रांची आज आधुनिक शहर है, लेकिन उसकी मिट्टी में अब भी चाय की वह पुरानी खुशबू कहीं न कहीं छिपी है। शायद हर शहर की तरह रांची भी दो हिस्सों में जी रहा है- एक वर्तमान में, और दूसरा अपनी यादों में।



