Campus Boom.
छोटा गोविंदपुर स्थित विवेक विद्यालय के प्रांगण में मातृ-पितृ पूजन का आयोजन बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। इस अवसर पर छात्रों ने अपने माता-पिता की पूजा-अर्चना कर उनके प्रति आभार व्यक्त किया और उन्हें जीवन के पहले गुरु के रूप में सम्मानित कर उनसे आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस आयोजन ने भारतीय संस्कृति के मूल्यों को उजागर किया और अभिभावकों एवं बच्चों के बीच के बंधन को और भी मजबूत बनाया। समारोह का समापन एक भावपूर्ण और यादगार अनुभव रहा, जिसने सभी के दिलों को खुशी और गर्व से भर दिया। पूजन के दौरान बच्चों ने अपने माता पिता को प्रथम गुरु की भूमिका निभाने हेतु चरणस्पर्श किया जो कि सभी को भावुक कर देने वाला पल था।
इस भव्य आयोजन में छात्रों ने अपने माता-पिता के लिए भावपूर्ण गीत गाए, जिससे वातावरण और भी आनंदमय हो गया। अभिभावकों ने भी अपने बच्चों के प्रयासों की सराहना की और उन्हें आशीष दिया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्राचार्य अवधेश सिंह ने सभी बच्चों एवं अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि समय की मांग के अनुरूप पश्चिमी सभ्यता तथा संस्कृति को त्याग कर हमें अपनी संस्कृति का अनुसरण करने में ही समाज का कल्याण निहित है तथा हमें अपने बड़ों के द्वारा दिए गए संस्कारों को अपनी विरासत समझ इनपर अमल करना चाहिए।उन्होंने मातृ पितृ पूजन के आयोजन हेतु सभी को धन्यवाद दिया और इस तरह के आयोजनों को भविष्य में भी जारी रखने का आश्वासन दिया।


