Campus Boom.
डीएवी पब्लिक स्कूल, बिस्टुपुर में सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा चलाए जा रहे सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत सेफ क्लब-डीएवी पब्लिक स्कूल बिस्टुपुर द्वारा सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।
मुख्य अतिथि के रूप में डीटीओ, जमशेदपुर, धनंजय के साथ-साथ अन्य सम्मानित अतिथि नीरज कुमार (यातायात उप पुलिस अधीक्षक), प्रकाश कुमार गिरी (रोड सुरक्षा मैनेजर, जमशेदपुर), ईश्वरलाल साहू (एमवीआई, जमशेदपुर) मौजूद रहे।
इस अवसर पर कक्षा चौथी एवं पांचवी के विद्यार्थियों द्वारा स्लोगन राइटिंग प्रतियोगिता एवं कक्षा छठी तथा सातवीं के विद्यार्थियों द्वारा रोड सेफ्टी मास्क मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मनमोहक स्वागत गान के साथ हुआ। कक्षा आठवीं के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सड़क सुरक्षा पर आधारित मूक अभिनय एवं जिला प्रशासन के द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक ने सभी दर्शकों को सड़क सुरक्षा अनुशासन के महत्व के प्रति जागरूक किया।
मुख्य अतिथि धनंजय (डीटीओ, जमशेदपुर) ने सुरक्षा नियमों की अनदेखी और लापरवाही से गाड़ी चलाने के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं की बढ़ती संख्या के आंकड़ों को प्रस्तुत करते हुए छात्रों को सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करने एवं सुरक्षित रहने के लिए प्रेरित किया तथा औरों को भी ऐसा करने के लिए प्रेरित करने की अपील की।
प्रज्ञा सिंह (प्राचार्या सह एआरओ, झारखंड जोन-ई) ने सरकार द्वारा चलाए जा रहे अभियानों की प्रशंसा करते हुए गर्व के साथ बताया कि विद्यालय में भी सेफ क्लब के द्वारा समय-समय पर सड़क सुरक्षा जागरूकता से संबंधित कार्यक्रम होते रहते हैं। उन्होंने छात्रों से अपील की कि लापरवाही ना बरते एवं जीवन के मूल्य को समझें।
विद्यालय परिसर में उपस्थित शिक्षकों, विद्यार्थियों के साथ-साथ सभी लोगों द्वारा सड़क सुरक्षा शपथ ग्रहण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। यह आयोजन एक बड़ी सफलता रही, क्योंकि इसने न केवल छात्रों को जिम्मेदार गतिविधियों में शामिल किया बल्कि जनता के बीच सड़क सुरक्षा के महत्व को भी बढ़ावा दिया।


