आज पूरी दुनिया में 40 सेकेंड में आत्महत्या की एक घटना हो रही है। भारत और झारखंड राज्य में भी आत्महत्या की घटनाओं में वृद्धि हुई है। आत्महत्या को रोकने के लिए इमोशनल सपोर्ट जरूरी है। शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक स्वास्थ्य पर ध्यान देना अति आवश्यक है।” ‘जीवन’ संस्था की संयुक्त निदेशक गुरप्रीत भाटिया ने एलबीएसएम कॉलेज के मनोविज्ञान विभाग द्वारा व्याख्यान श्रृंखला-2.1 के अंतर्गत ‘आत्महत्या की प्रवृत्ति एवं उसकी रोकथाम’ विषय पर आयोजित कार्यशाला में ये विचार व्यक्त किये।
गुरप्रीत भाटिया ने पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के जरिए तनाव, अवसाद, चिंता-विकृति और आत्महत्या की स्थितियों के बारे में विस्तार से समझाया। उन्होंने यह भी कहा कि हमारे समाज में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता कम है। हमें यह जागरूकता पैदा करनी होगी। उन्होंने सकारात्मक सोच रखने, तनाव के कारणों को कम करने, अपने साथ समय गुजारने, अपने सकारात्मक गुणों का उपयोग करने आदि की जरूरत बतायी। उनकी प्रस्तुति के दौरान ‘जीवन’ संस्था की पूरबी और नील कुमार ने भी सहयोग किया। इस दौरान छात्रों से संवाद भी हुआ।
दीप प्रज्ज्वलन से आयोजन की शुरुआत हुई। उसके बाद मनोविज्ञान विभाग के डॉ. प्रशांत ने अतिथियों को स्मृति चिह्न और पौधा देकर और शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया।
अध्यक्षीय वक्तव्य में एलबीएसएम कॉलेज के प्राचार्य डॉ. (प्रो.) अशोक कुमार झा ने कहा कि आत्महत्या की स्थिति और आंकड़े गंभीर हैं, परंतु जीवन से मूल्यवान कुछ भी नहीं है। आज जो देश जितना विकसित है, वह उतना कर्जदार है। आज बाजार ऐसी आवश्यकताएं पैदा करता है कि लोग उसमें फंस जाते हैं। बाजारवाद ने जो होड़ पैदा किया है, उसके कारण अवसाद बढ़ रहा है। नीड के लिए प्रकृति में बहुत कुछ है, पर ग्रीड के लिए नहीं। लोभ की कोई सीमा नहीं है।
संचालन हिन्दी विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. सुधीर कुमार ने किया। धन्यवाद ज्ञापन मनोविज्ञान विभाग की प्रो. प्रमिला किस्कू ने किया।
इस मौके पर आईक्यूएसी की संयोजक डॉ मौसमी पॉल, कॉमर्स विभाग के अध्यक्ष डॉ. विजय प्रकाश, डॉ. अजय वर्मा, डॉ. रानी मौजूद थे। आयोजन की तैयारी में रामू और अरुण की भूमिका भी महत्त्वपूर्ण थी।



