Campus Boom.
सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विकास कार्यालय (एमएसएमई-डीएफओ), रांची की ओर से आज ई डिजिटल इंडिया साकची, जमशेदपुर में उद्यमिता सह कौशल विकास कार्यक्रम (ईएसडीपी) का शुभारंभ किया गया। यह छह सप्ताह का प्रशिक्षण कार्यक्रम है जिसमें 25 प्रतिभागी भाग ले रहे हैं। कार्यक्रम में प्रतिभागियों को कंप्यूटर हार्डवेयर, नेटवर्किंग एवं साइबर सिक्यूरिटी विषय पर गहन प्रशिक्षण दिया जाएगा तथा इसका उद्देश्य युवाओं को स्वरोजगार एवं स्टार्टअप की दिशा में कौशल प्रदान कर आत्मनिर्भर बनाना है।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों का स्वागत कर किया गया। ई-डिजिटल इंडिया के निदेशक श्री रामकृष्ण ठाकुर ने स्वागत उद्बोधन दिया। ईएसडीपी योजना के तहत विशेष प्रशिक्षण सुरेंद्र शर्मा, सहायक निदेशक (आईईडीएस), एमएसएमई विकास कार्यालय, रांची एवं श्री शंकर लाल मीना, सहायक निदेशक (आईईडीएस) ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
बैंकिंग सुविधाओं की जानकारी
बैंक ऑफ इंडिया के मैनेजर चंद्रकांत ने उद्यमियों के लिए उपलब्ध ऋण योजनाओं की संक्षिप्त जानकारी दी।
उद्यमिता विकसित भारत की कुंजी
सुरेंद्र शर्मा जी, सहायक निदेशक ने एमएसएमई की विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी तथा ऐसे कौशल विकास कार्यक्रमों के लाभ बताते हुए प्रतिभागियों को स्वरोजगार एवं उद्यमिता अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने उद्यमिता एवं आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि उद्यमिता ही विकसित भारत के निर्माण का मजबूत आधार है तथा युवाओं को नवाचार और स्टार्टअप के माध्यम से देश की प्रगति में योगदान देने के लिए प्रोत्साहित किया। श्री शंकर लाल मीना, सहायक निदेशक ने डीसी एमएसएमई कार्यालय की विभिन्न योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया तथा स्व उद्यमिता के लाभों पर प्रकाश डालते हुए प्रतिभागियों को प्रोत्साहित किया।


