Campus Boom.
जमशेदपुर। मुंबई में 26 नवंबर 2008 को हुए आतंकी हमले में देश की रक्षा करते हुए शहीद हुए वीर जवानों और निर्दोष नागरिकों को टीम पीएसएफ (प्रतीक संघर्ष फाउंडेशन) ने गुरुवार को एसडीपी रक्तदान के माध्यम से भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर आयोजित रक्तदान अभियान में चार रक्तदाताओं ने एसडीपी रक्तदान किया। इसके साथ ही टीम पीएसएफ के जमशेदपुर में संचालित एसडीपी रक्तदान अभियान का आंकड़ा 1952 तक पहुंच गया।
इस दिन अभियान को एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि मिली। टीम पीएसएफ के सदस्य कुमारेस हाजरा ने अपना 150वां एसडीपी रक्तदान पूरा किया। उन्हें शहर के सबसे युवा रक्तवीर के रूप में यह उपलब्धि हासिल करने पर विशेष रूप से सराहा गया। वहीं धीप्रम चंदा ने अपना 25वां एसडीपी रक्तदान पूरा किया। इस अवसर पर डॉ. जीवीआरसी शर्मा और मनोतोष घोषाल ने भी एसडीपी रक्तदान कर मानव सेवा के अभियान में योगदान दिया।
टीम पीएसएफ का मानना है कि शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि केवल पुष्प अर्पित करने तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि जरूरतमंदों का जीवन बचाने के प्रयासों से भी उनके बलिदान को याद किया जाना चाहिए। इसी भावना के साथ गुरुवार का एसडीपी रक्तदान अभियान 26/11 के शहीदों को समर्पित किया गया।
टीम पीएसएफ के निदेशक अरिजीत सरकार ने कहा कि 26/11 के शहीदों ने देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। टीम का संकल्प है कि उनके बलिदान को रक्तदान जैसे जीवनदायी कार्यों के माध्यम से सदैव जीवित रखा जाए। उन्होंने कहा कि 1952वां एसडीपी रक्तदान केवल एक संख्या नहीं, बल्कि मानव जीवन बचाने के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयासों का प्रतीक है।
उन्होंने आगे कहा कि टीम पीएसएफ का एसडीपी रक्तदान अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि प्लेटलेट्स की आवश्यकता वाले किसी भी जरूरतमंद मरीज को समय पर सहायता मिल सके।
रक्तदान के बाद सभी रक्तवीरों को पुष्पगुच्छ, प्रशस्ति पत्र एवं प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जमशेदपुर ब्लड सेंटर के जीएम संजय चौधरी, डॉ. रीता सिंह, तकनीशियन स्वपन राणा, रविशंकर पात्रो, तापस, शुभंकर, अरुनभो मोइत्रा, सुदीप प्रामाणिक, टीम पीएसएफ के निदेशक अरिजीत सरकार, रविशंकर एवं उत्तम कुमार गोराई उपस्थित थे।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी रक्तदाताओं, सहयोगियों एवं टीम सदस्यों ने शहीदों को नमन करते हुए मानव सेवा के इस अभियान को और मजबूती से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।


