Campus Boom.
जमशेदपुर। सीएसआईआर–राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला (एनएमएल), जमशेदपुर ने गुरुवार को अपना 77वां स्थापना दिवस समारोह मनाया। इस अवसर पर झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने स्वदेशी तकनीक, वैज्ञानिक अनुसंधान और नवाचार को आत्मनिर्भर भारत की आधारशिला बताते हुए कहा कि प्रयोगशालाओं में विकसित तकनीकों का लाभ उद्योग और समाज तक पहुंचना जरूरी है। उन्होंने युवा वैज्ञानिकों एवं शोधार्थियों से बड़े सपने देखने, नए विचारों के साथ आगे बढ़ने और अपनी जिज्ञासा को अनुसंधान की शक्ति में बदलने का आह्वान किया।
समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में अनुसंधान परिषद के अध्यक्ष जे.डी. पाटिल, एनएमएल के निदेशक डॉ. संदीप घोष चौधरी, कार्यक्रम अध्यक्ष डॉ. एस. शिवप्रसाद तथा प्रशासन नियंत्रक जय शंकर शरण उपस्थित थे।
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि किसी भी संस्थान की वास्तविक पहचान राष्ट्र और समाज के प्रति उसके योगदान से बनती है। इस दृष्टि से सात दशकों से अधिक की एनएमएल की यात्रा गर्व और प्रेरणा का विषय है। औद्योगिक नगरी जमशेदपुर की पहचान उद्योग, परिश्रम और तकनीकी विकास से जुड़ी है। ऐसे में राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाती है।
पिछले 76 वर्षों में एनएमएल ने खनिज, धातु एवं पदार्थ विज्ञान के क्षेत्र में विशिष्ट पहचान बनाई है। संस्थान के वैज्ञानिकों ने अनुसंधान, प्रयोगों और नई तकनीकों के विकास के माध्यम से देश के औद्योगिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। खनिजों से उपयोगी पदार्थों का निष्कर्षण, मजबूत एवं टिकाऊ धातुओं का विकास तथा औद्योगिक अपशिष्टों का पुनर्चक्रण इस दिशा में महत्वपूर्ण कार्य हैं।
संतोष कुमार गंगवार, राज्यपाल।
राज्यपाल ने कहा कि मोबाइल फोन, कंप्यूटर, रक्षा उपकरण और आधुनिक मशीनों में सेमीकंडक्टर एवं उन्नत पदार्थों की उपयोगिता लगातार बढ़ रही है। ऐसे में इन क्षेत्रों में स्वदेशी तकनीकों का विकास समय की आवश्यकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘जय विज्ञान, जय अनुसंधान’ का मंत्र देश में नवाचार और अनुसंधान को नई दिशा दे रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि उद्योगों, विश्वविद्यालयों और अनुसंधान संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय से एनएमएल भविष्य में तकनीकी विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।
तीन प्रमुख क्षेत्रों में अनुसंधान पर एनएमएल का फोकस
स्वागत संबोधन में एनएमएल के निदेशक डॉ. संदीप घोष चौधरी ने संस्थान की ऐतिहासिक यात्रा और भविष्य की अनुसंधान प्राथमिकताओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वर्ष 1950 में राष्ट्र को समर्पित एनएमएल देश के शुरुआती सीएसआईआर अनुसंधान संस्थानों में से एक है। संस्थान ने इस्पात, खनन, एल्युमिनियम, ऊर्जा और परिवहन जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में लंबे समय से तकनीकी सहयोग प्रदान किया है।
उन्होंने बताया कि एनएमएल की अनुसंधान रणनीति तीन प्रमुख क्षेत्रों पर केंद्रित है। पहला, महत्वपूर्ण एवं रणनीतिक खनिजों की संपूर्ण मूल्य श्रृंखला में स्वदेशी तकनीकों का विकास, जिसमें निम्न श्रेणी के अयस्कों और द्वितीयक स्रोतों से मूल्यवान धातुओं का निष्कर्षण शामिल है।
दूसरा, चक्रीय अर्थव्यवस्था और धातुकर्म अपशिष्टों का सतत उपयोग है। इसके तहत रेड मड का प्रसंस्करण, दुर्लभ मृदा तत्वों की पुनर्प्राप्ति तथा बैटरी और चुंबकों के पुनर्चक्रण पर काम किया जा रहा है।
तीसरा, उन्नत पदार्थों का विकास है। इसमें उच्च प्रदर्शन वाले इस्पात, एल्युमिनियम एवं मैग्नीशियम मिश्रधातु, सुपर मिश्रधातु और विशेष कोटिंग्स शामिल हैं, जिनका उपयोग अत्यधिक प्रतिकूल परिस्थितियों, रक्षा, एयरोस्पेस और सुपरक्रिटिकल विद्युत संयंत्रों में किया जा सकता है।
डॉ. चौधरी ने कहा कि सार्वजनिक वित्तपोषित अनुसंधान का वास्तविक लाभ समाज तक पहुंचना चाहिए। इसी उद्देश्य से एनएमएल प्रयोगशाला स्तर के अनुसंधान से आगे बढ़कर प्रौद्योगिकी प्रदर्शन, व्यावसायीकरण तथा स्टार्टअप, एमएसएमई, उद्योग और शैक्षणिक संस्थानों के साथ सहयोग को बढ़ावा दे रहा है।
उन्होंने विकसित भारत 2047 के लक्ष्य का उल्लेख करते हुए कहा कि खनिजों एवं पदार्थों के क्षेत्र में स्वदेशी क्षमताओं का विकास देश के स्वच्छ ऊर्जा संक्रमण, इलेक्ट्रिक मोबिलिटी, रक्षा और एयरोस्पेस क्षेत्रों के लिए महत्वपूर्ण है। संस्थान औद्योगिक अनुसंधान के साथ विद्यार्थियों के बीच वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने और कौशल निर्माण के लिए सीएसआईआर-जिज्ञासा जैसी पहलों के माध्यम से भी सक्रिय है।
रणनीतिक आत्मनिर्भरता के लिए धातुकर्म क्षेत्र महत्वपूर्ण : जे.डी. पाटिल
विशिष्ट अतिथि एवं अनुसंधान परिषद के अध्यक्ष जे.डी. पाटिल ने कहा कि एनएमएल की स्थापना की परिकल्पना डॉ. शांति स्वरूप भटनागर की दूरदर्शिता का परिणाम थी। नवंबर 1946 में संस्थान की आधारशिला रखी गई थी और स्वतंत्रता के बाद वर्ष 1950 में इसे राष्ट्र को समर्पित किया गया।
उन्होंने कहा कि खनिज संपदा से समृद्ध झारखंड में एनएमएल की स्थापना का विशेष महत्व है। पिछले 77 वर्षों में संस्थान ने महत्वपूर्ण खनिजों और निष्कर्षण धातुकर्म के क्षेत्र में सैकड़ों तकनीकों एवं प्रक्रियाओं का विकास किया है। संस्थान की तकनीकों का इस्पात एवं भारी इंजीनियरिंग उद्योगों में सफलतापूर्वक उपयोग किया गया है।
उन्होंने कहा कि धातुकर्म एक आधारभूत उद्योग है। धातुओं, उन्नत कोटिंग्स और संक्षारण प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में विदेशी निर्भरता कम करना रणनीतिक आत्मनिर्भरता के लिए आवश्यक है। रक्षा, अंतरिक्ष, परमाणु ऊर्जा और सेमीकंडक्टर जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में एनएमएल की अनुसंधान क्षमताएं देश के लिए उपयोगी साबित हो सकती हैं।
उन्होंने संस्थान के वैज्ञानिकों और शोधकर्ताओं पर राष्ट्रीय लक्ष्यों को पूरा करने का भरोसा जताते हुए कहा कि एनएमएल की गौरवशाली विरासत को आगे बढ़ाने के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार तथा सीएसआईआर मुख्यालय का सहयोग जारी रहेगा।
पांच एमओयू, वैज्ञानिकों और कर्मचारियों को मिला सम्मान
स्थापना दिवस समारोह के दौरान एनएमएल ने विभिन्न उद्योगों के साथ पांच समझौता ज्ञापनों (एमओयू) का आदान-प्रदान किया। इसके अलावा संस्थान के आंतरिक पुरस्कारों के तहत सर्वश्रेष्ठ शोध पत्र, सर्वश्रेष्ठ विकसित प्रौद्योगिकी, सर्वश्रेष्ठ आंतरिक परियोजना और सर्वश्रेष्ठ कर्मचारी पुरस्कार प्रदान किए गए।
कर्मचारियों के मेधावी बच्चों को शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए छात्रवृत्ति पुरस्कार भी दिए गए। ये पुरस्कार जे.डी. पाटिल एवं एनएमएल निदेशक डॉ. संदीप घोष चौधरी ने प्रदान किए।
कार्यक्रम में डॉ. एस. शिवप्रसाद ने विशिष्ट अतिथि का परिचय कराया। अंत में प्रशासन नियंत्रक जय शंकर शरण ने धन्यवाद ज्ञापन किया।




